भारत जोड़ो यात्रा में सरकारी बाधा डालने से नाराज भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा

0
241
Spread the love
Spread the love
फरीदाबाद, 23 दिसंबर। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा फिरोजपुर झिरका नूंह सोहना होते हुए आज तीसरे दिन फरीदाबाद में प्रवेश कर गयी। ज्यों-ज्यों यात्रा आगे बढ़ती जा रही है, त्यों-त्यों भारी भीड़ इस यात्रा में उमड़ती जा रही है। तमाम सरकारी बाधाओं व अवरोधों के बावजूद आज भी बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही यात्रा के साथ चले। सड़कें पूरी तरह लोगों से भरी रहीं। इसके अलावा पूरे यात्रा मार्ग के दोनो तरफ लोग अपने घरों की छतों, खिड़कियों से भी यात्रा का स्वागत कर रहे थे। हरियाणा में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिये। भारत जोड़ो यात्रा में सरकारी बाधा डालने से नाराज भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा भाजपा सरकार भारत जोड़ो यात्रा में जितनी रुकावट डालेगी ये यात्रा उतनी ही मजबूती से आगे बढ़ेगी। उधर सांसद दीपेंद्र हुड्डा हरियाणा में यात्रा को सफल बनाने के लिये एक साथ कई मोर्चों पर काम कर रहे हैं। वे न सिर्फ सुबह यात्रा शुरु होते ही राहुल गांधी के साथ यात्रा में कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं बल्कि जब यात्रा अपने विश्राम स्थल पहुंचती है तब भारत यात्रियों के विश्राम की व्यवस्था देखने के बाद आगे की यात्रा की सफलता के लिये तैयारियों में जुट जाते हैं। दीपेंद्र हुड्डा यात्रा के साथ चल रहे लोगों के लिये भोजन, आवास, परिवहन, चिकित्सा आदि के प्रबंध की तैयारियों का जायजा लेते दिखायी देते हैं, क्योंकि भीषण ठंड का समय है इसलिये कहीं कोई कोर-कसर न रहे। इसके अलावा वे यात्रा में जनभागीदारी के लिये निरंतर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से संपर्क में भी दिखायी देते हैं।
आज यात्रा खेरली लाला से शुरू होकर सिरोही, आलमपुर, धौज, पाखल पहुंची जहां दिन का ठहराव हुआ, इसके बाद पाली चौक से शुरू होकर चुंगी नंबर 17, पुलिया नंबर 3, दशहरा ग्राउन्ड, बी.के. चौक, नीलम चौक, मथुरा रोड होते हुए बड़खल मोड (ओल्ड फरीदाबाद) पहुंची जहां विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इससे पहले राहुल गांधी ने फरीदाबाद में 30 एमएसएमई से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना। इस दौरान उद्यमियों ने राहुल गांधी को बताया कि नोटबंदी ने छोटे उद्योगों की कमर तोड़ दी, लाखों लोग बेरोजगार हो गये और उद्यमियों को भारी संकट का सामना करना पड़ा है। यही कारण है कि आज हरियाणा में भीषण बेरोजगारी है और प्रदेश का युवा रोजगार के लिये दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर है।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि फरीदाबाद ऐतिहासिक भूमि है। आजादी की लड़ाई के समय फरीदाबाद के इलाके में महात्मा गांधी ने सबसे पहली गिरफ्तारी पलवल में दी। कांग्रेस सरकार ने इसे औद्योगिक और आधुनिक नगर बनाया। यहां कई बड़ी परियोजनाएं स्थापित की गई। हमने फरीदाबाद को मेट्रो से जोड़ा। लेकिन भाजपा सरकार ने पिछले 8 साल में फरीदाबाद को बदहाल कर दिया। यहां निवेश व बड़ी परियोजनाएं लाना तो दूर, सरकार यहां की सड़कों की मरम्मत तक नहीं करा पायी। आज यहां से उद्योग पलायन कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदयभान ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा आम लोगों की यात्रा है। हरियाणा में घोटाले और भ्रष्टाचार की सरकार चल रही है। अपनी नीतियों से बीजेपी-जेजेपी ने हर बार रोजगार को नष्ट करने का काम किया। हरियाणा में 32 बार पर्चे लीक हुए, HPSC, HSSC में रंगे हाथ करोड़ों रुपयों की रिश्वत ली गई और घोटाले हुए। पूरी तरह से यहां कानून व्यवस्था ठप हो गई। इसलिए इस सरकार से छुटकारा पाने के लिए, इतनी भीषण सर्दी में भी भारी मात्रा में लोग आ रहे हैं। महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से आक्रोशित हरियाणा की जनता लगातार राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ रही है।
उन्होंने आगे कहा कि आज देश के हालात बिगड़ रहे हैं। देश में धार्मिक उन्माद पैदा किया जा रहा है। हरियाणा में पूरे देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है उसका मुख्य कारण खाली पड़े सरकारी पदों के अलावा नोटबंदी है। जिसके कारण उद्योग-धंधे चौपट हो गये, एमएसएमई बंद होने से लाखों लोगों का रोजगार छिन गया। एचपीएससी, एचएसएससी में नौकरियां बेची गयी। हरियाणा में दर्जनों घोटाले हुए। लोगों में भाजपा सरकार के प्रति भारी गुस्सा है जो यात्रा में उमड़ रहे जनसैलाब के रूप में देखा जा सकता है।
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि कल भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा से दिल्ली में प्रवेश करेगी जो बदरपुर बार्डर, मोहन स्टेट, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, आश्रम चौक, हजरत निजामुद्दीन, इंडिया गेट सर्किल, तिलक ब्रिज, दिल्ली गेट होते हुए लाल किला पहुंचेगी। यहां से राहुल गांधी व भारत यात्री राजघाट, वीर भूमि, शक्ति स्थल आदि समाधियों पर जाकर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद यात्रा विश्राम घोषित किया गया है, जो 2 जनवरी तक रहेगा और 3 जनवरी से यात्रा पुनः शुरु होगी जो उत्तर प्रदेश के बाद पुनः हरियाणा में प्रवेश करेगी।
इस अवसर पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए भारत यात्री कन्हैया कुमार ने कहा कि जब से इस यात्रा की घोषणा हुई है घबराई भाजपा ने चौतरफा हमला शुरु कर दिया। भाजपा ने बार बार ये बोलना शुरु किया कि भारत तो जुड़ा हुआ है क्या जोड़ने निकले हैं। हमारा मानना है कि देश जमीनी तौर पर जुड़ा हुआ है लेकिन यह भावनात्मक तौर पर भी जुड़ा होना चाहिए। देश के लोगों को यदि पहचान के आधार पर बांटा जाता है नफरत फैलाकर आपस में एक दूसरे के खिलाफ खड़ा किया जाता है तो ये देश को तोड़ने की कोशिश है। कन्हैया कुमार ने सवाल उठाया कि जब देश में भर्ती घोटाला होता है, तो क्या युवाओं की उम्मीदें नहीं टूटती। महिलाओं के साथ जब मारपीट होती है तो क्या लोगों की भावना नहीं टूटती। ये यात्रा देशवासियों को दिलों से जोड़ने के लिये है, महंगाई बेरोजगारी जैसे उनके मुद्दों को आवाज़ देने के लिये है। इस यात्रा का उद्देश्य इलेक्शन नहीं इमोशन है। हम चाहते हैं कि देश के नागरिक अपने सवालों को लेकर शामिल हों। ये यात्रा जिस तरह कन्याकुमारी से चली है उसी तरह आगे बढ़ते हुए कश्मीर तक जायेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने बहुत प्रयास किया कि भारत जोड़ो यात्रा को नजरअंदाज किया जाए लेकिन वह ऐसा नहीं कर पायी। ये यात्रा देश के सवालों को लेकर चल रही है। हाल ही में आयी रिपोर्ट बताती है कि देश के दिहाड़ी मजदूर आत्महत्या कर रहे हैं। बेरोजगारी, भर्ती घोटालों से नौजवानों के सपने टूट रहे हैं इसलिये अब किसान के साथ साथ नौजवान भी आत्महत्या को मजबूर हैं। किसान, जवान, मजदूर, महिलाए,ं व्यापारी, कर्मचारी हर वर्ग इसमें शामिल है। ये देश की यात्रा बन चुकी है, इसलिये भाजपा घबरा रही है। दूसरा हमला यात्रा को बदनाम करके किया गया। कभी जूता, फीता, टीशर्ट का मुद्दा उठाया गया। तीसरा हमला भाजपा के डर्टी ट्रिक डिपार्टमेंट के जरिये नकली व फर्जी वीडियो बनाकर दुष्प्रचार किया गया। चौथा हमला राहुल गांधी गुरुद्वारे, चर्च, मस्जिद जाने तक तो कोई दिक्कत नहीं होती लेकिन जैसे ही मंदिर जाते हैं भाजपा में बेचैनी बढ़ जाती है।
इस दौरान फरीदाबाद एनआईटी विधायक नीरज शर्मा ने फरीदाबाद की समस्याएं बताते हुए कहा कि फरीदाबाद कहने को स्मार्ट सिटी है लेकिन जरा सी बारिश हो जाती है तो मिलिट्री और पुलिस बुलानी पड़ती है। फरीदाबाद में 200 करोड़ का घोटाला हुआ है और जांच के नाम पर लीपा-पोती की जा रही है। नीरज शर्मा ने कोरोना की आड़ में यात्रा रोकने की भाजपा की कोशिशों पर तंज कसा कि ‘‘कौवों के कोसने से ढोर नहीं मरा करते।’’ यात्रा चलती रहेगी। उन्होंने बताया कि आज सुबह 4 बजे से फरीदाबाद में ब्लैक आउट कर दिया गया ताकि लोग यात्रा में न पहुंच सकें। लेकिन सबने देखा कि भारी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। यात्रा को रोकने की भाजपाई कोशिशें कामयाब नहीं होंगी। उन्होंने रामायण की चौपाई से अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि
रावनु रथी बिरथ रघुबीरा। देखि बिभीषन भयउ अधीरा।
अधिक प्रीति मन भा संदेहा। बंदि चरन कह सहित सनेहा ।।
नाथ न रथ नहि तन पद त्राना। केहि बिधि जितब बीर बलवाना।
सुनहु सखा कह कृपानिधाना। जेहिं जय होइ सो स्यंदन आना ।।
सौरज धीरज तेहि रथ चाका। सत्य सील दृढ़ ध्वजा पताका।
बल बिबेक दम परहित घोरे। छमा कृपा समता रजु जोरे।।
पलवल से पूर्व विधायक करन दलाल ने कहा फरीदाबाद नहर में गंदा पानी आ रहा है। भाजपा सरकार ने वायदा करने बावजूद कुछ नहीं किया। फरीदाबाद में पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं है, लोगों का स्वास्थ्य खराब हो रहा है। फरीदाबाद में भ्रष्टाचार चरम पर है कोई महकमा ऐसा नहीं है जहां बिना पैसा दिये कोई काम होता हो। पत्रकार वार्ता को हरियाणा कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदयभान, एआईसीसी संचार प्रभारी जयराम रमेश, मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा, भारत यात्री कन्हैया कुमार, फरीदाबाद एनआईटी विधायक नीरज शर्मा, हरियाणा में यात्रा प्रभारी राव दान सिंह, विधायक आफताब अहमद, विधायक गीता भुक्कल, विधायक बीबी बतरा समेत सभी विधायकगण, पूर्व विधायकगण, सांसद, पूर्व सांसद, हरियाणा कांग्रेस के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
• राहुल गांधी ने फरीदाबाद में 30 एमएसएमई से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना
• पिछले 8 साल में भाजपा सरकार ने फरीदाबाद को बदहाल कर दिया, उद्योग यहां से पलायन कर रहे – भूपेंद्र हुड्डा
• भाजपा सरकार के घोटाले और भ्रष्टाचार से त्रस्त है हरियाणा की जनता – उदयभान
• यात्रा को सफल बनाने के लिये एक साथ कई मोर्चों पर काम कर रहे हैं सांसद दीपेंद्र हुड्डा
• जब से यात्रा शुरु हुई है घबराई भाजपा ने चौतरफा हमला शुरु कर दिया – कन्हैया कुमार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here