हर वर्ग के सम्मान पर चोट कर रही है भाजपा सरकार : दीपेंद्र हुड्डा

0
306
Spread the love
Spread the love

5 मार्चफरीदाबाद। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आज गांव सीकरी, पृथला में ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के तहत आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में लोगों को आगामी होली के त्योहार की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग के सम्मान पर चोट कर रही है। प्रजातंत्र में सरकारें लोगों का अपमान करके नहीं, मान-सम्मान से चलती हैं। हरियाणा की सरकार प्रदेश के हर वर्ग को अपमानित करके राज करना चाहती है। किसान, जवान, कर्मचारी, कच्चा कर्मचारी, सफाईकर्मी, मिड-डे मील, आशा वर्कर, मनरेगा मजदूर से लेकर पंच-सरपंचों तक हर वर्ग पर लाठी बरसाने वाली बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार सत्ता में बने रहने का नैतिक व लोकतांत्रिक अधिकार खो चुकी है। ऐसी बर्बरता तो विदेशी आक्रांताओं ने भी नहीं की, जैसी बीजेपी सरकार कर रही है। सरकार के बर्बर लाठीचार्ज ने अंग्रेज सरकार द्वारा लाला लाजपत राय के जुलूस पर लाठीचार्ज की याद ताजा कर दी। उन्होंने कहा कि अपमान का घूंट पीकर बैठी जनता बड़ी बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रही है और अगले चुनाव में जनता एक-एक लाठी का हिसाब ब्याज समेत चुका देगी। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व विधायक रघुबीर तेवतिया ने किया। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने सफल आयोजन के लिए उन्हें बधाई दी।

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आगे कहा कि भाजपा ने जनता से किया कोई चुनावी वायदा पूरा नहीं किया। भाजपा सरकार ने युवाओं को हर वर्ष 2 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। 9 वर्ष हो गये, इस हिसाब से 18 करोड़ रोजगार मिलने चाहिए थे। आज हरियाणा में 2 लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं इन पर पक्की भंर्तियां होने की बजाय भर्ती घोटाले हो रहे हैं, पक्के पदों को खत्म किया जा रहा है। 9 साल से शिक्षकों की भर्ती नहीं हुई। स्कूल के बच्चों को भी धरनों पर बैठना पड़ा। 5100 रुपये हर महीने पेंशन मिलना तो दूर 5 लाख से ज्यादा बड़े-बुजुर्गों की पेंशन काट दी गई। लाखों गरीबों के राशन कार्ड काट दिए गए। अब तो भाजपा ने हर वर्ष 2 करोड़ रोजगार, 2022 तक किसान की दोगुनी आमदनी और हर व्यक्ति के खाते में 15 – 15 लाख रुपये देने वाले तमाम वायदों का जिक्र तक बंद कर दिया है। जब जनता भाजपा को उसके चुनावी वायदों की याद दिलाती है तो भाजपा सरकार उन पर लाठियां बरसाकर जनता की आवाज दबाने लग जाती है।

उन्होंने अग्निपथ योजना की खामियों को बताते हुए कहा कि ‘वन रैंक, वन पेंशन’ का नारा देकर सत्ता में आई भाजपा सरकार ‘नो रैंक, नो पेंशन’ की नीति लागू कर युवाओं के भविष्य को गर्त में पहुंचा रही है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पहले हरियाणा से हर साल फौज में साढ़े 5 हजार की पक्की भर्ती होती थी। लेकिन भाजपा सरकार ने अग्निवीर योजना से इस बार सवा 9 सौ भर्ती की जिसमें से 210 को ही 4 साल बाद पक्की भर्ती मिलेगी। भाजपा ने हरियाणा के लाखों युवाओं का फौजी बनने का सपना ही तोड़ दिया।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान जी, चौधरी महेन्द्र प्रताप सिंह पूर्व मंत्री, विधायक नीरज शर्मा, कुमारी शारदा राठौर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव, ललित नागर पूर्व विधायक, विजय प्रताप सिंह, इसराईल मोहम्मद, लखन सिंगला, प्रदेश प्रवक्ता तरूण तेवतिया, जेपी नागर, यशपाल नागर, गिरीश भारद्धाज, अशोक अरोडा, अब्दुल गफ्फार कुरैशी, डॉ. मुकेश भाटी, लक्ष्मण तंवर, वरूण तेवतिया, बिजेन्द्र आर्य, आदि गणमान्य लोग मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here