संगठित हिन्दू समाज अखंडता, एकात्मता व निरंतर उन्नति का आधार : अशोक बेरी

0
1914
Spread the love
Spread the love
Faridabad News, 25 Nov 2018 : सर्वे भवन्तु सुखिनः हिंदुत्व का मूल है। हिंदुत्व सभी का आदर करना, सभी के भले की कामना करना एवं सभी विचारों का सम्मान करना सिखाता है।  इसलिए सम्पूर्ण हिन्दू समाज को संगठित कर अजेय सामर्थ्यवान बनाना संघ का कार्य है। संघ के स्वयंसेवक को वे सभी कार्य करने होंगे जो लोक कल्याणकारी, भारत हितैषी एवं विश्व हितैषी हों। कोई भी कार्य करते समय हमारा दृष्टिकोण मानवीय एवं राष्ट्रीय होना चाहिए। व्यक्ति, समाज, प्रशाशन, न्यायपालिका एवं राजनीति सभी को एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए राष्ट्रनिर्माण में अहम भूमिका निभानी होगी तभी हम भारत माता को पुनः विश्व गुरु के सिंहासन पर सुशोभित कर पाएंगे।
उक्त विचार आज सेक्टर 12 फरीदाबाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ फरीदाबाद महानगर ( पूर्व )  द्वारा आयोजित “उत्तिष्ठ भारत” कार्यक्रम में संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य श्री अशोक बेरी ने व्यक्त किये।
उन्होंने कहा कि शिक्षा में संस्कारों का अभाव दिखाई देता है।  परिवारों के वातावरण एवं शिक्षा में संस्कार, नैतिकता एवं भारतीयता का समावेश करना होगा तभी हमारी युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में सच्चे अर्थों में सहायक होगी और देश को बलात्कार जैसे घिनौने कृत्य व जातीय संघर्ष जैसे विभाजनकारी कृत्यों से मुक्ति मिलेगी। एकात्ममानववाद और अंत्योदय की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक की चिंता करना हम सब का दायित्व है।
इससे पूर्व उपस्थित जन समूह के समक्ष पूर्ण गणवेष ( काली टोपी, सफ़ेद कमीज, खाकी पैंट, खाकी बेल्ट, खाकी जुराव, काले जूते एवं दंड ) में उपस्थित स्वयंसेवकों ने घोष, नियुद्ध, दण्डयुद्ध, व्यायाम योग, योगासन, पथ संचलन का बहुत सुन्दर एवं मनमोहक प्रदर्शन किया। फरीदाबाद महानगर (पूर्व ) द्वारा आयोजित इस उत्तिष्ठ भारत नामक कार्यक्रम में हजारों की भारी संख्या में स्वयंसेवक एवं समाज के महिला-पुरुषों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में पधारे पूर्व क्रिकेटर श्री चेतन शर्मा ने कहा कि आरएसएस विश्व का सबसे बड़ा, देशभक्त एवं अनुशाषित संगठन है। युवा देश का भविष्य हैं इसलिए अधिक से अधिक युवाओं को आरएसएस के साथ जुड़ना चाहिए और अनुशाशन एवं देशभक्ति को जीवन में अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी, पर्यावरण प्रेमी एवं उद्योगपति श्री सतेंद्र सिंह बांगा ( एस एस बांगा ) ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि आरएसएस जातिवाद से दूर रहकर समाज में सब को जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा हम सब को पर्यावरण की चिंता करते हुए अधिकाधिक पेड़ लगाने चाहिए जिससे वायु, पानी एवं वायुमंडल शुद्ध होगा और स्वास्थय के लिए लाभकारी होगा।
कार्यक्रम स्थल के बाहर अनेक सामाजिक संस्थाओं द्वारा बहुत सुन्दर एवं आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गयी थी।  जिसमे आरएसएस के प्रचार विभाग, संस्कार भारती, विश्व हिन्दू परिषद्, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, सामाजिक समरसता मंच, कुटुंब प्रबोधन, श्री गोपाल गौशाला, गौ संवर्धन आदि संस्थाएं प्रमुख थीं।
इस अवसर पर संघ के प्रान्त कार्यवाह डॉ देवप्रसाद भारद्वाज, प्रान्त सह संपर्क प्रमुख श्री गंगाशंकर मिश्र, विभाग संघचालक डॉ अरविन्द सूद, महानगर संघचालक श्री जयकिशन, विभाग कार्यवाह श्री राकेश त्यागी, सह विभाग कार्यवाह श्री अरुण परिहार, विभाग पत्रकार संपर्क प्रमुख राजेंद्र गोयल, महानगर कार्यवाह राजेश माहेश्वरी जी, बौद्धिक प्रमुख उमेश जी, शारीरिक प्रमुख रोहित जी, प्रचार प्रमुख जयपाल जी, उद्योगमंत्री श्री विपुल गोयल, पृथला विधानसभा से विधायक श्री टेकचंद शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल शर्मा, विश्व हिन्दू परिषद् के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री कैलाश सिंघल, आदि सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here