सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाना : अंजलि श्रोत्रिया

सेवा संकल्प अभियान के तहत बल्लभगढ़ में बहुविभागीय जनकल्याण शिविर आयोजित

- हैप्पी कार्ड योजना का लाभ पाकर लाभार्थियों ने जताई प्रसन्नता, सरकार का किया आभार व्यक्त

फरीदाबाद, 29 सितंबर। 
हरियाणा सरकार द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहज, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध करवाने तथा नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले में विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को बल्लभगढ़ स्थित बीडीपीओ कार्यालय में बहुविभागीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया।

अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए आमजन को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। शिविर के दौरान हरियाणा सरकार की हैप्पी कार्ड योजना के लाभार्थियों ने योजना से मिल रही सुविधाओं पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार का आभार जताया। लाभार्थियों ने बताया कि हैप्पी कार्ड के माध्यम से उन्हें सार्वजनिक परिवहन में यात्रा करने की सुविधा मिल रही है, जिससे दैनिक आवागमन का खर्च कम हुआ है और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिल रही है।

शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया। गांव समयपुर, बल्लभगढ़ निवासी उमेश ने बताया कि उन्होंने लगभग छह महीने पहले हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन किया था। अब उन्हें शिविर के माध्यम से हैप्पी कार्ड प्राप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ मिलने से उन्हें काफी सुविधा होगी तथा इसके लिए उन्होंने सरकार का धन्यवाद किया।

बल्लभगढ़ निवासी श्याम मित्तल भी सरकारी सेवा का लाभ लेने के लिए शिविर में पहुंचे। उन्होंने सरकारी व्यवस्था के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर के माध्यम से उन्हें आवश्यक सेवा संबंधी जानकारी और सुविधा प्राप्त हुई। उन्होंने इस प्रकार के जनकल्याणकारी शिविरों के आयोजन को आमजन के लिए उपयोगी बताया।

आदर्श नगर निवासी शांति ने बताया कि उन्होंने हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन किया था और अब उन्हें कार्ड प्राप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि हैप्पी कार्ड के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन में यात्रा करने में सुविधा मिलेगी और दैनिक आवागमन के खर्च में भी राहत मिलेगी। उन्होंने योजना का लाभ मिलने पर सरकार की व्यवस्था के प्रति खुशी जाहिर की।

गांव बदरौला निवासी राजवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने पहले हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन किया था। शिविर में उन्हें आज अपना कार्ड प्राप्त हो गया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना के माध्यम से उन्हें सार्वजनिक परिवहन की सुविधा का लाभ मिलेगा और आवागमन में सहूलियत होगी। उन्होंने कार्ड उपलब्ध करवाने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।

इसी प्रकार विष्णु ने बताया कि उन्होंने हेल्थ कार्ड के लिए आवेदन किया था, जो अब उन्हें प्राप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर उपलब्ध करवाई जा रही इस सुविधा से उन्हें लाभ मिलेगा। उन्होंने भी सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविरों से आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलती है।

अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को पात्र नागरिकों तक पहुंचाना तथा लोगों को उनके अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जिले में इस प्रकार के बहुविभागीय शिविरों के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।