सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत शिक्षण संस्थानों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर आयोजित हुई गतिविधियां
- ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण, लिया पौधों की देखभाल का संकल्प
फरीदाबाद, 29 सितंबर।
सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत यूरो इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-86 ग्रेटर फरीदाबाद, राजकीय माध्यमिक विद्यालय नचौली, ऑक्सफोर्ड कॉन्वेंट स्कूल, आइडियल पब्लिक स्कूल अगवानपुर, उर्मिला विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल पर्वतीय कॉलोनी, हिंदरेज पब्लिक स्कूल जवाहर कॉलोनी तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय कनवाड़ा में विद्यार्थियों द्वारा पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने पौधों के महत्व को समझते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।
इसी प्रकार नई दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-75 में पर्यावरण संरक्षण विषय पर भाषण गतिविधि का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने प्रकृति, पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। महादेव देसाई पब्लिक स्कूल, सेक्टर-16ए, फरीदाबाद में भी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया गया कि पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों का संरक्षण एवं नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है।
अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना सेवा संकल्प अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के साथ-साथ समाज में भी स्वच्छ एवं हरित वातावरण के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचता है।