प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर रहे समाधान शिविर : डीसी आयुष सिन्हा

- लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में डीसी आयुष सिन्हा ने सुनी नागरिकों की समस्याएं

फरीदाबाद, 24 सितंबर।  हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसी कड़ी में वीरवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त आयुष सिन्हा ने की। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान शिविर इसी उद्देश्य के साथ प्रभावी रूप से संचालित किए जा रहे हैं, जहां संबंधित विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं को सुनते हैं और उनके समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं।

डीसी ने बताया कि समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली शिकायतों में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय से संबंधित त्रुटियों तथा परिवार में नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आ रही हैं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस, बिजली सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें भी नागरिकों द्वारा रखी जा रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसकी नियमानुसार जांच की जाए तथा पात्र मामलों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता आमजन को पारदर्शी, जवाबदेह और सुगम प्रशासन उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन भी इसी भावना के साथ नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे समस्याओं की वास्तविक स्थिति को समझने और उनके समाधान की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिल रही है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड, स्थानीय निकायों से नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, नगरपालिका से भवन का नक्शा पास करवाने, बिजली, सिंचाई, जनस्वास्थ्य अथवा पुलिस एवं अन्य विभागों से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिक निःसंकोच समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं।

डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में नागरिकों की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि लोगों को प्रशासन की इस पहल से अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद और भरोसा है। जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि इसी विश्वास को कायम रखते हुए प्रत्येक पात्र शिकायत का त्वरित, पारदर्शी एवं नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए।

समाधान शिविर फरीदाबाद  एसडीएम डॉ हनी बंसल, एचएसवीपी एस्टेट  अधिकारी नवीन कुमार में सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।