जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध : सीटीएम अंकित कुमार

- लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में सीटीएम अंकित कुमार ने सुनी नागरिकों की समस्याएं


फरीदाबाद, 15 जून। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘समाधान शिविर’ आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इसी कड़ी में आज सोमवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार कक्ष में समाधान शिविर का सफल आयोजन किया गया। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता सीटीएम अंकित कुमार ने की।

सीटीएम अंकित कुमार ने बताया कि आज सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 19 शिकायतें/परिवेदन प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित सर्वाधिक 5 शिकायतें, नगर निगम फरीदाबाद (एमसीएफ) से संबंधित 6 शिकायतें, सीआरआईडी विभाग की 3 शिकायतें, पुलिस विभाग की 2 शिकायतें, जबकि डीएचबीवीएनएल, निर्वाचन विभाग तथा एचएसवीपी से संबंधित 1-1 शिकायत प्राप्त हुई। प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

सीटीएम अंकित कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में जनता की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत समाधान शिविरों में नागरिकों की भागीदारी सरकार और प्रशासन पर उनके भरोसे को दर्शाती है।

समाधान शिविर में सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।