सेवा, संस्कार और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ संपन्न हुआ नवचेतना शाखा का शपथ समारोह
साहिबाबाद। मारवाड़ी युवा मंच नवचेतना शाखा का शपथ ग्रहण एवं शपथ विधि समारोह युवा भवन, साहिबाबाद में बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण एवं संगठनात्मक एकता का प्रेरणादायी स्वरूप देखने को मिला। नई टीम ने सेवा, संस्कार एवं संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में ऊर्जा, अपनापन एवं सामाजिक समर्पण की अद्भुत झलक दिखाई दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय अध्यक्ष विमल खंडेलवाल द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। शाखा की सदस्यों द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का दुपट्टा एवं तुलसी का पौधा भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान शाखा अध्यक्ष सुमन बड़ारिया ने अपने कार्यकाल में शाखा द्वारा वर्षभर किए गए सेवा, सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने शाखा की उपलब्धियों, विभिन्न जनसेवा परियोजनाओं एवं सदस्य सहभागिता से जुड़े कार्यों को साझा किया। उनके प्रेरणादायी कार्यों एवं सफल नेतृत्व की जानकारी सुनकर उपस्थित सभी सदस्यों एवं अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनकी सराहना की तथा उनके योगदान की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्रांतीय अध्यक्ष विमल खंडेलवाल ने कहा कि नवचेतना शाखा आरंभ से ही समाजहित एवं संगठनात्मक कार्यों में सराहनीय एवं प्रेरणादायी भूमिका निभा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम संगठन को नई ऊर्जा एवं नई दिशा प्रदान करते हुए मारवाड़ी युवा मंच को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि सेवा, संस्कार एवं समर्पण ही संगठन की सबसे बड़ी पहचान और शक्ति है।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित शाखा अध्यक्ष डॉ. रिंकी कंसल को शपथ ग्रहण करवाकर विधिवत दायित्व ग्रहण करवाया गया। साथ ही नवनिर्वाचित मंत्री उर्वशी गर्ग एवं कोषाध्यक्ष उर्मिला खंडेलवाल को भी शपथ पाठ करवाकर नए दायित्व सौंपे गए।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. रिंकी कंसल ने सभी सदस्यों के सहयोग एवं समर्थन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उपस्थित अतिथियों का हार्दिक धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि नवचेतना शाखा सदैव सेवा, संस्कार एवं सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाजहित में अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मंडल उपाध्यक्ष विवेक दासानी उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन की एकजुटता, महिला नेतृत्व एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं।
इस गरिमामयी अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष कोमल डोकानिया, पूर्व अध्यक्ष सुनीता कोठारी, सुनीता टाटेर, संगीता नाहटा, सुचिता बैद एवं सुमन बरारिया की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ाया। साथ ही सचिव उर्वशी गर्ग, कोषाध्यक्ष ज्योति खंडेलवाल एवं अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को और अधिक सफल एवं यादगार बना दिया।
सभी पूर्व अध्यक्षों ने अपने अनुभव, मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी विचारों से नई टीम का उत्साहवर्धन करते हुए शाखा के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं।
विशेष रूप से मेजर सीमा कौशिक एवं उनकी टीम द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सेल्फ डिफेंस एवं आपातकालीन सहायता नंबरों के प्रति जागरूकता प्रदान की गई। उन्होंने वर्तमान परिवेश में महिलाओं को सजग एवं आत्मनिर्भर रहने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उनके प्रेरणादायी विचारों एवं मार्गदर्शन से सभी सदस्यों में नई ऊर्जा एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने आपसी मेल-मिलाप एवं आत्मीयता के साथ विभिन्न सामाजिक योजनाओं पर चर्चा की तथा नवचेतना शाखा की एकजुटता, सेवा भावना एवं संगठनात्मक शक्ति की मुक्त कंठ से सराहना की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रेरणादायी संबोधनों एवं उत्साहपूर्ण वातावरण ने समारोह को अविस्मरणीय बना दिया।
मारवाड़ी युवा मंच नवचेतना शाखा निरंतर समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण एवं संगठनात्मक कार्यों में नए आयाम स्थापित करती रहे, यही सभी की मंगलकामना रही।