समाधान शिविर की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया

- आयुक्त एवं सचिव साकेत कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जिलों की समीक्षा


फरीदाबाद, 26 जून। हरियाणा सरकार में आयुक्त एवं सचिव साकेत कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाधान शिविर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की प्रगति की समीक्षा को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेश के सभी उपायुक्तों से जिलेवार लंबित शिकायतों एवं उनके निस्तारण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। फरीदाबाद जिला की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने बैठक में भाग लिया। वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान आयुक्त एवं सचिव ने विभागवार लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री स्तर पर समाधान शिविर की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, इसलिए प्रत्येक विभाग अपनी लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करे तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करते हुए पोर्टल पर अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराए।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समाधान शिविर की लंबित शिकायतों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक पेंडेंसी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों पर व्यक्तिगत रूप से निगरानी रखें और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रत्येक शिकायत का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

एडीसी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है, उनकी एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) बिना किसी विलंब के समाधान शिविर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग द्वारा अनावश्यक रूप से एटीआर अपलोड करने में देरी की गई अथवा शिकायतों को लंबित रखा गया तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिक प्रक्रिया न होकर ऐसा होना चाहिए जिससे शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो। साथ ही जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उन्हें समयबद्ध तरीके से पोर्टल से क्लोज किया जाए ताकि लंबित शिकायतों का वास्तविक एवं पारदर्शी रिकॉर्ड उपलब्ध रहे और शेष मामलों के समाधान पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि विभागवार लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए उनकी संख्या में निरंतर कमी लाई जाए तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला मुख्यालय स्थित लघु सचिवालय एवं संबंधित उपमंडलों में आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर इस जनहितकारी पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

समीक्षा बैठक में एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, सीटीएम अंकित कुमार, डीआरओ विकास सिंह, डीडीपीओ प्रामिन्द्र सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।