सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया

-  एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में विभिन्न विभागों को दिए स्पष्ट निर्देश


फरीदाबाद, 26 जून। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नगर निगम, स्मार्ट सिटी, लोक निर्माण विभाग, पुलिस, एफएमडीए, परिवहन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े लंबित कार्यों, दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट), ट्रैफिक प्रबंधन, अतिक्रमण हटाने, जल निकासी, फुटओवर ब्रिज, ट्रैफिक लाइट, सड़क संकेतक तथा अन्य सुरक्षा उपायों की विभागवार विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी विभाग की लापरवाही आमजन के जीवन को प्रभावित कर सकती है, इसलिए सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।

एडीसी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से दुर्घटना संभावित स्थानों पर लगाए जा रहे मेटैलिक शीट, सुरक्षा अवरोधकों एवं सीसीटीवी कैमरों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली-बदरपुर से आगरा तक सड़क सुरक्षा परियोजना का लगभग कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष सीसीटीवी कैमरों की स्थापना का कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इस पर एडीसी ने कार्य में तेजी लाने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्मार्ट सिटी अधिकारियों से जिले की ट्रैफिक लाइटों के संचालन एवं रखरखाव की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी खराब ट्रैफिक लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए। साथ ही फुटओवर ब्रिजों पर बंद पड़े एस्केलेटरों को जल्द चालू कराने तथा मुख्यालय स्तर पर किए गए पत्राचार की अद्यतन स्थिति भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में अवैध पार्किंग, सड़क किनारे संचालित अवैध ढाबों, शराब के ठेकों के आसपास होने वाली पार्किंग तथा अतिक्रमण के कारण उत्पन्न यातायात समस्याओं पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। एडीसी ने संबंधित विभागों को पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने, विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा कार्रवाई की जियो-टैग्ड फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

मानसून को देखते हुए एडीसी ने नगर निगम एवं संबंधित एजेंसियों को सभी नालों, जल निकासी स्थलों, सड़क किनारों एवं संवेदनशील स्थानों की विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि जलभराव एवं यातायात बाधित होने जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।

एडीसी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन कार्यों पर अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है, उनकी विस्तृत अनुपालना रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करे तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं पर नियमित निरीक्षण एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों को पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों की अनुपालना की भी समीक्षा की गई।

बैठक के अंत में सड़क सुरक्षा जागरूकता के क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान देने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सरदार देवेंद्र सिंह के निधन पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान आरटीए सचिव मुनीश सहगल ने रोड सेफ्टी के बारे में समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने एसडीएम को बताया कि दुर्घटना पर अंकुश लगाने के लिए रॉंग साइड गाड़ी चलाने वालों के चालान कर जुर्माना लगाया जा रहा है।

बैठक में सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण और रोड सेफ्टी से जुड़ें अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।