सूरजकुंड दिवाली मेला बना कलाकारों और शिल्पकारों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच : सीपी गोयल

- सेंट्रल इंपावरमेंट कमेटी के चेयरमैन सीपी गोयल ने किया सूरजकुंड दिवाली मेले का भ्रमण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

फरीदाबाद, 24 अक्टूबर।
सेंट्रल इंपावरमेंट कमेटी के चेयरमैन चंद्र प्रकाश गोयल ने आज शनिवार को सूरजकुंड में आयोजित तीसरे सूरजकुंड दिवाली मेले का भ्रमण किया। इस दौरान उनके साथ फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा भी मौजूद रहे। भ्रमण के दौरान उन्होंने मेले में स्थापित विभिन्न स्टॉलों, हस्तशिल्प उत्पादों तथा मेले में की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मेले में आए शिल्पकारों एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत उत्पादों और कलात्मक कृतियों में विशेष रुचि दिखाई।

चेयरमैन सीपी गोयल ने मेले में देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और लोक कलाओं की झलक को सराहा। उन्होंने कहा कि सूरजकुंड मेला देश की पारंपरिक कला, संस्कृति और शिल्पकला को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से न केवल स्थानीय एवं देशभर के शिल्पकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, बल्कि उनकी कला और उत्पादों को व्यापक पहचान भी प्राप्त होती है।

उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार के अवसर पर आयोजित यह मेला लोगों को भारतीय परंपराओं, हस्तनिर्मित उत्पादों और सांस्कृतिक विविधता से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि मेले में विभिन्न प्रकार के हस्तशिल्प, सजावटी वस्तुएं और पारंपरिक उत्पाद आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं। इस प्रकार के आयोजन स्थानीय कला एवं शिल्प को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करते हैं।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने चेयरमैन सीपी गोयल को मेले की व्यवस्थाओं और आयोजन से संबंधित जानकारी दी। मेले में आगंतुकों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यहां आने वाले लोगों को बेहतर अनुभव मिल सके।

सूरजकुंड दिवाली मेला हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने और पारंपरिक हस्तशिल्प को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह आयोजन कलाकारों, शिल्पकारों और आमजन को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।

इस अवसर पर डीएफओ राजकुमार, बल्लभगढ़ एसडीएम त्रिलोक चंद, एजीएम हरविंदर यादव भी मौजूद रहे।