घरेलू गैस के व्यावसायिक दुरुपयोग पर कड़ी नजर, जिले में सघन जांच अभियान जारी

- ओवरचार्जिंग और अवैध स्टॉकिंग करने वालों पर होगी कार्रवाई


फरीदाबाद, 10 अप्रैल। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि रसोई गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण तथा घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर पूर्णतया रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। डीसी सिन्हा ने बताया कि इन अनियमितताओं पर अंकुश लगाने हेतु प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। उन्होंने जानकारी दी कि जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम नागरिकों को गैस की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के समय पर प्राप्त होती रहे और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कविता सिंह परिहार ने बताया कि विभाग ने जन शिकायतों के समाधान के लिए तंत्र को और मजबूत कर दिया है। आंकड़ों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि गत 09 अप्रैल 2026 को टोल-फ्री नंबर पर कुल 07 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से 04 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। शेष 03 शिकायतों पर विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी गैस की ओवर-रेटिंग (अधिक मूल्य वसूली), जमाखोरी या घरेलू सिलेंडरों का कमर्शियल इस्तेमाल दिखाई दे, तो वे तुरंत जिला हेल्पलाइन नंबर 0129-2288245 पर सूचित करें। इसके अलावा, क्षेत्रवार अधिकारी बल्लभगढ़ क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अजीत सिंह (मोबाइल नंबर: 9810212115) तथा एनआईटी फरीदाबाद क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी विनय मुद्गल (मोबाइल नंबर: 8168792654) को भी सीधे सूचना दी जा सकती है।