हड़ताल के बीच निगम प्रशासन ने शहर में कूड़ा उठान का कार्य कराया तेज
फरीदाबाद।
नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल के बीच शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के निर्देशों पर निगम प्रशासन ने अलग-अलग क्षेत्रों में सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर फैले कूड़े-कचरे को उठवाने का कार्य तेज कर दिया है ।
निगम के अधिकारी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कूड़ा उठान एवं सफाई कार्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। निगम प्रशासन द्वारा उपलब्ध संसाधनों के साथ-साथ अन्य निजी संस्थानों की भी मदद लेकर कूड़ा उठान का कार्य कराया जा रहा है, ताकि हड़ताल के बावजूद शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो।
निगम प्रशासन ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों की लगभग सभी मांगों को सैद्धांतिक मंजूरी दी जा चुकी है, जबकि कुछ मांगों पर अभी निर्णय शेष है। निगम प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान होगा और सफाई व्यवस्था सामान्य रूप से सुचारू हो जाएगी।
निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सफाई व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कूड़े को निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाएं। आज दिन में लगातार काफी देर तक रही बारिश के बावजूद भी शहर से कूड़ा उठाया गया।
उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रहा है और अन्य निजी संस्थानों के माध्यम से भी कूड़ा उठान करवाया जा रहा है। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है।