राज्यमंत्री राजेश नागर ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, अस्पताल पहुँचकर घायलों का जाना हालचाल
सूरजकुंड (फरीदाबाद), फरवरी।
सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले में झूला टूटने से हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर हरियाणा सरकार में खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता राज्यमंत्री राजेश नागर ने रविवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण से पूर्व राज्यमंत्री सुप्रीम अस्पताल पहुँचे, जहाँ उन्होंने उपचाराधीन घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
राज्यमंत्री राजेश नागर ने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों से उपचार की प्रगति की समीक्षा की तथा घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घटना का तुरंत संज्ञान लिया है और उनके निर्देशों की अनुपालना में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों की मदद में जुटा हुआ है तथा घटना की गहन जांच कराई जा रही है।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपचार, सहायता और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।