बीके अस्पताल में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने का प्रयास

Faridabad News : बीके अस्पताल में स्थित निक्कू वार्ड के पास बने मदररूम में बीती रात अपनी बड़ी बहन के साथ सो रही एक नाबालिग लड़की से एक युवक ने अश्लील हरकत शुरू कर दी। कुछ देर बाद आरोपी दुष्कर्म करने का प्रयास कर लगा। तभी वहीं मौजूद एक व्यक्ति के शोर मचाने पर अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। लोगों ने आरोपी को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। अस्पताल में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं।
एनआईटी महिला थाना में दर्ज मामले के मुताबिक 13 साल की एक किशोरी ने अपनी शिकायत में कहा है कि पिछले दिनों उसकी बहन ने बीके अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था। बच्चा पूरी तरह स्वस्थ्य नहीं था। जिसके कारण बच्चे को निक्कू वार्ड में दाखिल कराया गया था। जिसके कारण उसकी बहन निक्कू वार्ड के पास बने मदर रूम में रूकी हुई थी। मंगलवार की रात को वह बहन के पास रूकने के लिए अस्पताल आई थी। रात को दोनों मदर रूम के एक बिस्तर पर सो रही थी। उसी दौरान वहां मौजूद जवाहर कालोनी निवासी मंजीत उसके पास आया छेड़छाड़ करने लगा। नींद की वजह से उसे पता नहीं चल पाया। जिससे आरोपी की हिम्मत बढ़ गई और वह उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगा। नींद खुलने पर उसने विरोध किया तो वार्ड में सो रहे एक अन्य व्यक्ति ने आरोपी को हरकत करते देख शोर मचा दिया। अन्य लोगों ने मौके पर पहुंच कर आरोपी को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।