श्री सिद्धदाता आश्रम में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया धनतेरस पर्व, गुरुदेव स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने भक्तों को दिया मंगलमय आशीर्वाद

फरीदाबाद। दीपावली महापर्व के शुभारंभ पर धनत्रयोदशी (धनतेरस) का पावन पर्व फरीदाबाद स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम (श्री सिद्धदाता आश्रम) में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुँचे और भगवान श्री लक्ष्मीनारायण के दिव्य दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

आश्रम के अधिपति, अनंत श्री विभूषित इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा पीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने दर्शनार्थ आए सभी भगवद्भक्तों को अपना मंगलमय आशीर्वाद प्रदान किया तथा प्रसाद वितरित किया। गुरुदेव के सान्निध्य और आशीर्वचनों से आश्रम परिसर भक्तिमय एवं आनंदमय हो उठा।

इस पावन अवसर पर गुरुदेव ने धनतेरस के आध्यात्मिक एवं धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए भक्तों को संदेश दिया कि धन और लक्ष्मी की प्राप्ति तभी सार्थक है, जब उनका सदुपयोग धर्म, सेवा और जनकल्याण के कार्यों में किया जाए। उन्होंने सभी के जीवन में आरोग्य, सुख, शांति, समृद्धि और ऐश्वर्य की मंगलकामना की।

धनतेरस के अवसर पर सुबह से ही आश्रम में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में भक्त भगवान लक्ष्मीनारायण के दर्शन और गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए पहुँचे। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए आश्रम प्रबंधन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। सभी भक्तों के लिए विशेष भोजन प्रसाद (भंडारा) की व्यवस्था की गयी थी।