सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया : केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर
- केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री ने सेक्टर-12 खेल परिसर में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
- सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस की दिलाई शपथ, ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
फरीदाबाद, 31 अक्टूबर।
लौहपुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आज सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि एवं नमन करने के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भी सरदार पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने आजादी के बाद देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों द्वारा भारत को विभाजित कर खंडित रखने के प्रयासों को सरदार पटेल ने अपनी सूझबूझ और कुशल रणनीति से विफल किया। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि आज हम कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक राष्ट्र के रूप में जुड़े हुए हैं और अपने देश में बिना किसी टैक्स, वीजा, पासपोर्ट या परमिट के स्वतंत्र रूप से यात्रा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करते हुए प्रत्येक नागरिक को देश की एकता और सुरक्षा बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है कि हम आपसी भाईचारे, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देंगे।
संबोधन के उपरांत केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने तथा देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का संकल्प लिया। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों से प्रेरणा लेते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने की शपथ भी ली।
इस अवसर पर उपायुक्त आयुष सिन्हा ने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर को पौधा भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके पश्चात केंद्रीय राज्य मंत्री ने ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला परिषद् चेयरमैन विजय सिंह, पुलिस आयुक्त सत्येंदर कुमार गुप्ता, डीसीपी हिमाद्री कौशिक, एसडीएम फरीदाबाद डॉ. हनी बंसल, नगराधीश अंकित कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।