वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र नहीं तो ईंधन नहीं: फरीदाबाद में सख्ती से लागू किए जा रहे निर्देश

- विशेष जांच दल कर रहे पेट्रोल पंपों और प्रदूषण जांच केंद्रों का निरीक्षण; अनियमितताओं पर करीब 16 केंद्र निलंबित

फरीदाबाद, 31 अक्टूबर। 
जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण, फरीदाबाद मुनीष सहगल, एचपीएस ने बताया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देशों तथा हरियाणा सरकार के आदेशों की पालना में जिले में “वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (PUCC) नहीं तो ईंधन नहीं” व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि निर्देशों की दृढ़ता से पालना सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच दल गठित किए गए हैं। इन दलों द्वारा जिले के सभी पेट्रोल पंपों एवं प्रदूषण जांच केंद्रों की जांच का अभियान चलाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित प्रदूषण जांच केंद्रों के चालान किए गए हैं तथा अब तक करीब 16 प्रदूषण जांच केंद्रों को निलंबित किया गया है।

श्री सहगल ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि ईंधन देने से पहले वाहनों के वैध PUCC की जांच सुनिश्चित करें और लागू निर्देशों का पूर्ण पालन करें। प्रदूषण जांच केंद्र संचालक भी निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों के अनुसार ही वाहनों की जांच करके प्रमाण-पत्र जारी करें। अनियमितता अथवा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की कि अपने वाहनों की प्रदूषण जांच समय पर करवाएं, PUCC की वैधता बनाए रखें तथा वाहन का नियमित रखरखाव कर वायु प्रदूषण कम करने में सहयोग दें। जिले में जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा।