सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में मनाया गया ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम

- आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, बच्चों एवं लाभार्थियों को वितरित किए फल

फरीदाबाद, 1 अक्टूबर। 
हरियाणा सरकार द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहज, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर फल वितरण एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों पर उपस्थित बच्चों एवं लाभार्थियों को फल वितरित किए गए। साथ ही, आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जागरूकता से जुड़ी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा महिलाओं एवं बच्चों को विभागीय सेवाओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान डबुआ कॉलोनी निवासी पिंकी ने विभाग द्वारा उपलब्ध करवाए जा रहे लाभों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि बच्चा होने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उन्हें विभिन्न पात्र सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि विभागीय कर्मचारियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवश्यक लाभ उपलब्ध करवाने में सहयोग किया गया। पिंकी ने सरकार एवं महिला एवं बाल विकास विभाग का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं महिलाओं एवं बच्चों के लिए काफी सहायक साबित हो रही हैं।

‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों में सेवा, सहभागिता और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ विभागीय गतिविधियों के प्रति आमजन को जागरूक किया जा रहा है।