एसआईआर को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय, लंबित कार्य तय समय में पूरा करने के निर्देश : अंजलि श्रोत्रिया
- पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से न रहे वंचित, झुग्गी-झोपड़ियों में विशेष हेल्प डेस्क व शिविर लगाने के निर्देश
- एसआईआर के दौरान अनमैप्ड व लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी मामलों में बीएलओ घर-घर जाकर जुटाएंगे दस्तावेज
फरीदाबाद, 1 अक्टूबर।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अतिरिक्त उपायुक्त एवं अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य में तेजी लाई जाए और सभी लंबित कार्य तय समय में पूरे किए जाएं।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया वीरवार को लघु सचिवालय के वीसी सभागार में हरियाणा की अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ऋतु आईएएस की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत सभी ईआरओ को दिशा-निर्देश दे रही थीं। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान जिन मतदाताओं को अनमैप्ड होने और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी के कारण नोटिस जारी किया गया है, उनके लिए अब कार्यालय के चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी। संबंधित क्षेत्र के बीएलओ स्वयं घर-घर जाकर उनसे आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करेंगे और उन्हें ECI-Net पोर्टल पर अपलोड करेंगे। केवल विशेष परिस्थितियों में ही ऑनलाइन सुनवाई की जाएगी और यदि मतदाता स्वयं उपस्थित नहीं हो सकता तो उसके परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य उसकी ओर से सुनवाई में उपस्थित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले, मजदूर वर्ग, गरीब और बेघर लोगों के लिए विशेष हेल्प डेस्क स्थापित कर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाए। साथ ही अयोग्य और छूटे हुए मतदाताओं के फॉर्म की प्रक्रिया को दोबारा वेरीफाई किया जाए। बल्क में प्राप्त हुए फॉर्म-6, 7 और 8 को क्रॉस वेरिफिकेशन के बाद ही अपडेट किया जाए और SIR के दौरान फॉर्म-6 को खारिज करने से पहले उचित कारण दर्ज करना अनिवार्य होगा।
एडीसी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सतत अद्यतन प्रक्रिया के तहत 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं और प्रथम बार मतदाता बनने योग्य युवाओं के नामांकन के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR से संबंधित इस सम्पूर्ण कार्यवाही को आगामी 28 अक्टूबर तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए।
बैठक में सीईओ जिला परिषद् शिखा, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, बल्लभगढ़ एसडीएम मानेक भारद्वाज, एचएसवीपी एस्टेट अधिकारी नवीन कुमार सहित अन्य कई अधिकारीगण मौजूद रहे।