सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर बल्लभगढ़ में आयोजित हुई रन फॉर यूनिटी, विधायक मूलचंद शर्मा ने दिखाई एकता और अखंडता की राह

- सरदार पटेल ने देश की रियासतों को एक झंडे के नीचे संगठित कर अखंड भारत की नींव रखी : विधायक सतीश फागना

- देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य : विधायक धनेश अदलखा

- जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही बड़खल, बल्लभगढ़ एवं एनआईटी फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्रों में भी उपमंडल स्तर पर इसी प्रकार के मैराथन कार्यक्रम आयोजित किए गए

फरीदाबाद, 31 अक्टूबर। 

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही बड़खल, बल्लभगढ़ एवं एनआईटी फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्रों में भी उपमंडल स्तर पर इसी प्रकार के मैराथन कार्यक्रम आयोजित किए गए। 

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस पर बल्लभगढ़ में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि लौह पुरुष सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में उनकी जयंती पर कार्यक्रम आयोजित कर एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रन फॉर यूनिटी समाज के सभी वर्गों को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य करती है। दौड़ में युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैराथन एसडीएम कार्यालय से शुरू होकर तिगांव रोड, चावला कॉलोनी, शनि मंदिर और रेस्ट हाउस के सामने से होते हुए वापस एसडीएम कार्यालय पर संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि बल्लभगढ़ के सेक्टर-2 स्थित अटल पार्क को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए करीब 2 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि से सौंदर्यकरण और विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर फरीदाबाद के वार्ड नंबर-2 स्थित सेक्टर-56 कम्युनिटी सेंटर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। एनआईटी विधायक सतीश फागना ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल देश के पहले गृहमंत्री बनें थे। जिन्होंने देश की सभी रियासतों को एक झंडे के नीचे संगठित किया। उनकी इस अमिट छाप को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। वे हमेशा- हमेशा के लिए देश की एकता-अखंडता के प्रेरणा स्रोत बनें रहेंगे। सरदार बल्लभ भाई पटेल जयंती पर उन्हें अखण्ड भारत के निर्माण की नींव रखने में अहम भूमिका निभाने पर उन्हें याद किया जा रहा है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में अविस्मरणीय योगदान दिया है। उनके सार्थक प्रयास और ठोस निर्णय से भारत एक बड़ा राष्ट्र बना है। 

बड़खल विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर “रन फॉर यूनिटी” मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बड़खल विधायक धनेश अदलखा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मैराथन बीके चौक से प्रारंभ होकर एनआईटी-5 मार्ग से होते हुए चिमनीबाई धर्मशाला तक उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता एवं सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

इस अवसर पर बड़खल एडीएम त्रिलोक चंद, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, बड़खल तहसीलदार नेहा सहारन सहित अन्य कई अधिकारीगण और गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।