सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन

- विद्यार्थियों ने पौधारोपण, भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश

फरीदाबाद, 6 अक्टूबर।
प्रदेश सरकार द्वारा आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक, पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।

अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक चेतना और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने के लिए विद्यालय स्तर पर आयोजित की जा रही ऐसी गतिविधियां अत्यंत प्रभावी हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की सकारात्मक सोच और सक्रिय सहभागिता ही विकसित एवं जागरूक समाज की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा विद्यालय प्रबंधन को इन आयोजनों के लिए बधाई दी।

जिले के प्रज्वल पब्लिक स्कूल, बल्लभगढ़ में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” का संकल्प लिया। इसी प्रकार ए.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बी-210, डबुआ कॉलोनी, सेक्टर-50, एनआईटी, फरीदाबाद में भी पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

न्यू दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-75 में पर्यावरण विषय पर विद्यार्थियों के लिए जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वातावरण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए।

वहीं के.एल. मेहता दयानंद पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-7सी, फरीदाबाद में भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा दिया।