दीपेन्द्र हुड्डा ने तिगांव की धरती से भरी हरियाणा में सत्ता परिवर्तन की हुंकार
रोहित नागर के तिगांव ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में बोले रोहित नागर-तिगांव की आवाज अब बनेगी प्रदेश की आवाज
फरीदाबाद, 1 अक्टूबर। रोहतक के सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की कार्यसमिति के सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने बृहस्पतिवार को तिगांव में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए। शहीदों की धरती तिगांव में तिगांव विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी रोहित नागर द्वारा आयोजित सम्मेलन में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी रही। भारी भीड़ से उत्साहित सांसद ने हरियाणा में राजनीतिक बदलाव की हुंकार भरते हुए तिगांव में कांग्रेस का अलख जगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भी रोहित नागर ने की। जबकि संचालन ब्लॉक अध्यक्ष हातम अधाना द्वारा किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की ओर से दीपेंद्र हुड्डा को शक्ति के प्रतीक के रूप में गदा भेंट कर उनका स्वागत किया गया वहीं लोकसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता यशपाल नागर ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। इस दौरान सांसद दीपेन्द्र हुड्डा पर 4 जेसीबी मशीनों से पुष्पवर्षा की गई जो नजारा देखने लायक था वहीं पूरा खचाखच भरे पंडाल ने खडे होकर गगन भेदी नारों से उनका अभिनंदन किया।
भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई और विकास को लेकर हमला
अपने संबोधन में दीपेंद्र हुड्डा ने प्रदेश और केन्द्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता अनेक समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने बेरोजगारी, अपराध, विकास कार्यों और सरकार की जवाबदेही को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता के सामने सरकार का रिपोर्ट कार्ड रखा जाना चाहिए और यह बताया जाना चाहिए कि पिछले वर्षों में रोजगार, विकास और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में क्या काम हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा की जनता जहां महंगाई, बेरोजगारी और दूसरी परेशानियों से जूझ रही है, वहीं सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध, फिरौती की कॉल और बेरोजगारी जैसे मुद्दे आम लोगों के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं।
अरावली से लेकर विकास परियोजनाओं तक सरकार को घेरा
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने अरावली क्षेत्र में गतिविधियों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता के हितों से जुड़े सवालों पर सरकार को जवाब देना चाहिए और विकास का लाभ आम आदमी तक पहुंचना चाहिए। वहीं फरीदाबाद के विकास का जिक्र करते हुए हुड्डा ने कांग्रेस शासन के दौरान किए गए कार्यों को भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाने में कांग्रेस सरकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बदरपुर बॉर्डर, सडक़ परियोजनाओं और मेट्रो विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन के दौरान फरीदाबाद व बल्लभगढ तक मेट्रो के विस्तार सहित कई बड़े विकास कार्य हुए। लेकिन भाजपा सरकार ने 12 साल में एक इंच भी मैट्रो का विस्तार नहीं किया है। वहीं उन्होंने क्षेत्र की जनता से विकास कार्यों की तुलना करने का आह्वान किया।
‘सरकार के कामकाज का हिसाब जनता के सामने रखा जाए’
सांसद ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार जनता के प्रति जवाबदेह होती है और जनता को यह जानने का अधिकार है कि उसके वोट से बनी सरकार ने उसके लिए क्या किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास की रफ्तार प्रभावित हुई है और कई क्षेत्रों में मूलभूत समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। उन्होंने सडक़ निर्माण को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान बनाई गई कई सडक़ें लंबे समय बाद भी बेहतर स्थिति में हैं, जबकि मौजूदा समय में बनी कई सडक़ों की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और खर्च का सार्वजनिक हिसाब देने की मांग की।
कार्यकर्ताओं से भाजपा की नीतियों के खिलाफ संघर्ष का आह्वान
दीपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे महत्वपूर्ण है और किसी भी सरकार को जनता के सवालों से बचने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बेरोजगारी, महंगाई, अपराध, विकास और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएं। उन्होंने सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा कमजोर करने के आरोप भी लगाए और कहा कि लोकतंत्र में जनता के मत का सम्मान सर्वोच्च होना चाहिए।
तिगांव की जनता ने दिखा दिया बदलाव का मन, भाजपा सरकार से हिसाब मांगने का समय: रोहित नागर
कार्यकर्ता सम्मेलन के आयोजक एवं तिगांव विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी रोहित नागर ने सम्मेलन में उमड़ी हजारों की भीड़ के लिए तिगांव विधानसभा क्षेत्र की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि तिगांव की जनता ने अपनी मजबूत उपस्थिति से यह स्पष्ट कर दिया है कि वह भाजपा सरकार के कुशासन से परेशान है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि आज का यह सम्मेलन केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कार्यक्रम नहीं, बल्कि तिगांव की जनता की आवाज बनकर सामने आया है।
रोहित नागर ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास के बड़े-बड़े दावे तो किए, लेकिन धरातल पर जनता बेरोजगारी, महंगाई, अपराध, खराब सडक़ों, जलभराव और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि तिगांव क्षेत्र की जनता को अपने अधिकारों और विकास के लिए बार-बार संघर्ष करना पड़ रहा है। सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए और पिछले वर्षों के विकास कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा विकास, रोजगार और जनहित की राजनीति की है। आने वाले समय में कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता की समस्याओं को उठाएंगे तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे। रोहित नागर ने कहा कि तिगांव की जनता की आवाज को विधानसभा से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूती से उठाया जाएगा।
वहीं उन्होंने सम्मेलन में सांसद दीपेंद्र हुड्डा की मौजूदगी और कार्यकर्ताओं के उत्साह का उल्लेख करते हुए रोहित नागर ने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि तिगांव की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह के साथ सम्मेलन को सफल बनाया है, उसके लिए वे प्रत्येक व्यक्ति के आभारी हैं। यह जनसमर्थन कांग्रेस की ताकत है और इसी ताकत के साथ जनता के मुद्दों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ी जाएगी।
आपसी भाईचारा और एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत: चौधरी यशपाल नागर
लोकसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौधरी यशपाल नागर ने तिगांव में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन की सफलता पर क्षेत्र की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में उमड़ी भारी भीड़ ने तिगांव क्षेत्र की एकता, आपसी भाईचारे और राजनीतिक जागरूकता को प्रदर्शित किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा गांव और पूरे क्षेत्र में आपसी भाईचारा, एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए कार्य किया है और आगे भी इसी भावना के साथ जनता के बीच रहकर काम करते रहेंगे।
चौधरी यशपाल नागर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके अनुसार सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में विफल रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि ‘इस बार अपने बच्चे रोहित नागर को अपना आशीर्वाद दें और उनके साथ मजबूती से खड़े हों।’ उन्होंने कहा कि रोहित नागर लंबे समय से क्षेत्र की जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाते रहे हैं। चौधरी यशपाल नागर ने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति विश्वास जताते हुए प्रदेश में भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिगांव की जनता का यह भाईचारा और एकजुटता आने वाले समय में क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को मजबूती प्रदान करेगी।
इस अवसर पर पृथला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रघुबीर तेवतिया, एनआईटी के पूर्व विधायक नीरज शर्मा, वरिष्ठ नेता जेपी नागर, बल्लभगढ़ की पूर्व प्रत्याशी पराग शर्मा, वेदपाल दायमा, प्रदेश प्रवक्ता तरूण तेवतिया, युवा जिलाध्यक्ष विकास दायमा, उमेश कौशिक, अनिल शर्मा,रेणु चौहान, अशोक रॉवल, बाबू लाल रवि, ठाकुर राजाराम, संजय सोलंकी, बिजेन्द्र आर्य, बेगराज नागर, पंकज कश्यप सहित क्षेत्र के हजारों की संख्या में गणमाण्य लोग व कार्यकर्ता सम्मेलन मौजूद थे।