सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत युवाओं को करियर एवं रोजगार के अवसरों की दी जानकारी
राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद में आयोजित करियर काउंसलिंग सत्र में विद्यार्थियों को कौशल विकास और सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक
फरीदाबाद, 13 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत युवाओं को करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करने और रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय, फरीदाबाद में यूथ करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रितिका गुप्ता के निर्देशानुसार तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. राजविंदर कौर एवं डॉ. गिरिराज के मार्गदर्शन में आयोजित इस सत्र में विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न विकल्पों, कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में फरीदाबाद के सहायक रोजगार अधिकारी जितेंद्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं, रिसोर्स पर्सन के रूप में एनसीएस प्रोजेक्ट, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत एमसीसी, बड़खल, फरीदाबाद की यंग प्रोफेशनल सुश्री स्नेहा अडलक्खा तथा जिला एमएसएमई केंद्र के इंडस्ट्रियल एक्सटेंशन ऑफिसर भूषण कुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजविंदर कौर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इसके पश्चात रिसोर्स पर्सन ने अपने-अपने कार्यक्षेत्रों और संबंधित कार्यालयों की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए युवाओं के लिए उपलब्ध करियर एवं रोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप करियर विकल्प चुनने, आवश्यक कौशल विकसित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, रोजगार से संबंधित सुविधाओं तथा करियर मार्गदर्शन के लिए उपयोगी वेबसाइटों की जानकारी भी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवा रोजगार के अवसरों, कौशल विकास कार्यक्रमों और अन्य उपयोगी संसाधनों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे उन्हें अपने भविष्य की बेहतर योजना बनाने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने में सहायता मिल सकती है।
कार्यक्रम के अंत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गिरिराज ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। सेवा संकल्प अभियान-2026 के मॉड्यूल-9 के अंतर्गत आयोजित इस सत्र का उद्देश्य युवाओं को करियर संबंधी सही मार्गदर्शन प्रदान करना, रोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।