सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित
- विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों के बीपी, शुगर व आंखों की जांच कर दिया स्वास्थ्य संबंधी परामर्श
फरीदाबाद, 13 अक्टूबर।
सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय, फरीदाबाद में मंगलवार को निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रितिका गुप्ता के निर्देशन तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. गिरिराज और डॉ. राजविंदर कौर की देखरेख में आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य स्टाफ सदस्यों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर का आयोजन मोरेंगो एशिया हॉस्पिटल, फरीदाबाद के सहयोग से दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक किया गया।
शिविर में अस्पताल की ओर से डॉ. शैलेश, डॉ. मोनिका (नेत्र रोग विशेषज्ञ), कम्युनिटी आउटरीच प्रोग्राम की मैनेजर श्रीमती विनीता तथा नर्सिंग स्टाफ से सुश्री मनीता, श्री मोहित पटेल और श्री जतिन ने सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान उपस्थित लोगों की आंखों की जांच के साथ रक्तचाप (बीपी) और रक्त शर्करा (शुगर) की जांच की गई। चिकित्सकों ने जांच के उपरांत आवश्यक परामर्श देते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और जरूरत के अनुसार उचित देखभाल करने की सलाह दी।
चिकित्सकों ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को संतुलित आहार अपनाने, खान-पान की आदतों में सुधार करने तथा आंखों सहित समग्र स्वास्थ्य का नियमित ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति समय रहते सजग रहने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
यह शिविर सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के कर्मचारियों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। इसके माध्यम से सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।