‘नशे को ना, फिटनेस को हां’—विजय वर्मा ने युवाओं से फरीदाबाद हॉफ मैराथन में भाग लेने की अपील की
- 27 सितंबर को सूरजकुंड में दौड़ेगा फरीदाबाद, नशे के खिलाफ विजय वर्मा ने दिया संदेश
फरीदाबाद, 21 सितंबर।
बॉलीवुड अभिनेता विजय वर्मा ने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि आज का युवा प्रतिभा, ऊर्जा और अवसरों से भरपूर है, लेकिन नशे जैसी सामाजिक बुराई युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के सामने एक गंभीर चुनौती बन सकती है। ऐसे में समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना होगा।
एक्टर विजय वर्मा ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि 27 सितंबर को सूरजकुंड मेला ग्राउंड, फरीदाबाद में हरियाणा उदय के तहत नशे के खिलाफ होने वाली आयोजित होने वाली फरीदाबाद हॉफ मैराथन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक दौड़ या मैराथन नहीं है, बल्कि युवाओं के नाम एक सकारात्मक संदेश है—नशे को ना कहने, फिटनेस को चुनने और एक स्वस्थ एवं मजबूत भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश।
उन्होंने कहा कि खेल और फिटनेस युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। दौड़ जैसे आयोजनों के जरिए न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने दोस्तों, परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ें।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से मिलकर जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, “आइए, 27 सितंबर को फरीदाबाद में एक साथ दौड़ें। अपने युवाओं के लिए दौड़ें, नशे के खिलाफ दौड़ें और एक मजबूत कल के लिए दौड़ें।”
विजय वर्मा ने युवाओं से फरीदाबाद हॉफ मैराथन में पंजीकरण कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।