योजनाओं की सही जानकारी से ही पात्र नागरिकों तक पहुंचेगा लाभ : अंजलि श्रोत्रिया
- ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ से जन-जन तक पहुंची योजनाओं की जानकारी, पात्र नागरिकों को लाभ लेने के लिए किया प्रेरित
फरीदाबाद, 28 सितंबर।
सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग तथा हरियाणा कला परिषद के संयुक्त सहयोग से फरीदाबाद जिले में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लोक कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आमजन को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्ध सुविधाओं तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक किया।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि लोक कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आमजन तक महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाने का सहज एवं प्रभावी माध्यम हैं। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के माध्यम से कलाकारों ने मनोरंजन के साथ-साथ नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों तक योजनाओं की सही जानकारी पहुंचना और उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वयं योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ अपने आसपास के पात्र लोगों को भी इनके बारे में जागरूक करें।
डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल ने बताया कि लोक कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों की कहानी, संवाद और अभिनय में आम नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़े प्रसंगों को शामिल किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से यह दर्शाया गया कि सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने से पात्र परिवारों के जीवन में किस प्रकार सकारात्मक बदलाव आ सकते हैं। गीत, संवाद और अभिनय के संयोजन से कलाकारों ने योजनाओं से संबंधित जानकारी को सरल एवं सहज तरीके से लोगों तक पहुंचाया।
कार्यक्रमों के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, हर घर नल-हर नल में जल, एमएफएमबी सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा स्वच्छता, जल संरक्षण, बेटियों की शिक्षा तथा नशा मुक्ति जैसे सामाजिक विषयों को भी नुक्कड़ नाटकों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में प्रमुखता से शामिल किया गया। कलाकारों ने विशेष रूप से युवाओं को शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का संदेश दिया।
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत प्रस्तुत किए गए नुक्कड़ नाटकों में विभिन्न योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों के अनुभवों और उनके जीवन में आए बदलावों को भी कहानी के रूप में प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने समझाया कि किसी भी सरकारी योजना का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित किया जा सकता है, जब पात्र व्यक्ति को योजना की सही जानकारी हो और वह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उसका लाभ प्राप्त करे। प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को अपने आसपास रहने वाले पात्र परिवारों को भी सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 26 सितंबर को पहले चरण में बल्लभगढ़, फरीदाबाद और तिगांव विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सब्जी मंडी, लाल कोठी, ऊंचा गांव स्थित होली दहन चौक, बापूनगर तथा सेक्टर-62 में आशियाना मस्जिद के समीप कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में पूजा फर्नीचर चौक ओल्ड फरीदाबाद, सेक्टर-7/10 मार्केट, सेक्टर-15 मार्केट, खेड़ी पुल स्थित भारत कॉलोनी चौक तथा क्यूआरजी चौक के पास ओल्ड मार्केट में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी प्रकार तिगांव विधानसभा क्षेत्र में सेक्टर-79 की वार्ड स्ट्रीट, सेक्टर-37 मार्केट, सेहतपुर चौक, तिगांव मार्केट तथा बसंतपुर मार्केट में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया।
इसी कड़ी में 27 सितंबर को बड़खल, पृथला और एनआईटी विधानसभा क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़खल विधानसभा क्षेत्र में सूरजकुंड स्थित मैराथन कार्यक्रम स्थल, एनआईटी-5 मार्केट, लकड़पुर मार्केट तथा पटेल चौक, एसजीएम नगर में लोक कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। पृथला विधानसभा क्षेत्र के धौज, चंदावली, मांगर, फतेहपुर और बघोला गांवों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सामाजिक विषयों की जानकारी दी गई। एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में बारातघर पाली, सोनिया चौक, डबुआ चौक स्थित विधायक कार्यालय, चुंगी नंबर-17 तथा सेक्टर-52 स्थित शिव मंदिर के पास कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों के दौरान लोक कलाकारों ने स्वच्छता अपनाने, जल संरक्षण करने, बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर कलाकारों एवं उपस्थित नागरिकों ने नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशे से दूर रहने की शपथ भी ली।
लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम जनसंचार के प्रभावी माध्यम हैं। इनके जरिए सरकारी योजनाओं, सामाजिक विषयों और जनहित से जुड़े संदेशों को सरल भाषा में सीधे आमजन तक पहुंचाया जा सकता है। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सहभागिता और जनजागरूकता के संदेश को जिले के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।