सेवा संकल्प अभियान-2026: मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के लाभार्थियों ने साझा किए अपने अनुभव
- बेटी के विवाह में मिली ₹51 हजार की शगुन राशि, महेश कुमार ने जताया सरकार का आभार
- ऑनलाइन हुई विवाह शगुन योजना की प्रक्रिया, समय और परेशानी दोनों से मिली राहत
फरीदाबाद, 19 सितंबर।
सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना का लाभ प्राप्त कर रहे लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किये। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को निर्धारित शर्तों के अनुसार विवाह के अवसर पर शगुन राशि प्रदान की जाती है।
जवाहर कॉलोनी निवासी महेश कुमार ने बताया कि उनकी पुत्री के विवाह के बाद उन्हें मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने योजना के तहत आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें 51,000 रुपये की शगुन राशि प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि इस आर्थिक सहायता से बेटी के विवाह में काफी मदद मिली और परिवार पर आने वाले खर्च का कुछ बोझ कम हुआ। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित योजना के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें काफी सहारा मिला। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार की ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए उपयोगी साबित हो रही हैं।
फरीदाबाद निवासी मधुमय कुमार ने बताया कि उन्होंने अंतरजातीय विवाह किया था। इसके बाद उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा संचालित विवाह शगुन योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन किया। उन्होंने बताया कि योजना की आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होने के कारण उन्हें आवेदन जमा करने के लिए किसी सरकारी कार्यालय या कोर्ट के चक्कर नहीं लगाने पड़े। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से आसानी से पूरी हुई और आवश्यक फॉर्म एवं दस्तावेज भी ऑनलाइन अपलोड किए गए। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
मधुमय कुमार ने हरियाणा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन सुविधा पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे लाभार्थियों के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ लेना काफी आसान हो गया है। उन्होंने विवाह शगुन योजना के माध्यम से मिली सुविधा के लिए हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था से लोगों का समय बच रहा है तथा उन्हें सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती।