समाधान शिविर पोर्टल पर एटीआर अपलोड करना अनिवार्य : सीटीएम अंकित कुमार
- सीटीएम अंकित कुमार ने समाधान शिविर की लंबित शिकायतों की समीक्षा की
फरीदाबाद, 7 अगस्त।
सीटीएम अंकित कुमार ने आज शुक्रवार को अधिकारियों के साथ समाधान शिविर से संबंधित लंबित शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित मामलों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक लंबित मामले स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सीटीएम अंकित कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है, उनकी एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) बिना किसी विलंब के समाधान शिविर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग द्वारा अनावश्यक रूप से एटीआर अपलोड करने में देरी की गई अथवा शिकायतों को लंबित रखा गया तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिक प्रक्रिया न होकर ऐसा होना चाहिए जिससे शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो। साथ ही जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उन्हें समयबद्ध तरीके से पोर्टल से क्लोज किया जाए ताकि लंबित शिकायतों का वास्तविक एवं पारदर्शी रिकॉर्ड उपलब्ध रहे और शेष मामलों के समाधान पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
सीटीएम अंकित कुमार ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि विभागवार लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए उनकी संख्या में निरंतर कमी लाई जाए तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला मुख्यालय स्थित लघु सचिवालय एवं संबंधित उपमंडलों में आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर इस जनहितकारी पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
समीक्षा बैठक में नगर निगम जॉइंट कमिश्नर अमित मान, सीईओ जिला परिषद् शिखा, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल डीडीपीओ प्रामिन्द्र सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।