फरीदाबाद की स्वच्छता व्यवस्था को मिलेगा नया विस्तार और मजबूती : विपुल गोयल
करीब 835.73 करोड़ रुपये की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं परिवहन परियोजना का टेंडर फाइनल, आधुनिक संसाधनों से मजबूत होगी शहर की वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था
Faridabad News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ, सुंदर और विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर साकार करने की दिशा में हरियाणा सरकार द्वारा लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में फरीदाबाद की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत, आधुनिक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए करीब 835.73 करोड़ रुपये की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं परिवहन परियोजना का टेंडर फाइनल कर दिया गया है।
कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़े राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। स्वच्छ भारत के इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को आधुनिक तकनीक, बेहतर संसाधनों और प्रभावी प्रबंधन के साथ मजबूत कर रही है।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में स्वच्छता व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। 835.73 करोड़ रुपये की यह परियोजना केवल घर-घर से कूड़ा उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि कचरे के संग्रहण, परिवहन और प्रोसेसिंग तक पूरी व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
परियोजना के अंतर्गत फरीदाबाद के ईस्ट और वेस्ट जोन में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं परिवहन की व्यवस्था की जाएगी। परियोजना की अवधि 5 वर्ष होगी, जिसे अनुबंध की शर्तों के अनुसार अधिकतम 2 अतिरिक्त वर्षों तक बढ़ाया जा सकेगा।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए दोनों जोन में कुल 712 हल्के वाणिज्यिक वाहन/टिपर और 195 ई-रिक्शा लगाए जाएंगे। इसके साथ ही 7 कचरा स्थानांतरण केंद्र विकसित किए जाएंगे, जहां स्थिर कचरा संपीड़क की सुविधा उपलब्ध होगी। कचरे के व्यवस्थित परिवहन के लिए हुक लोडर, कचरा कंटेनर, कचरा संपीड़क वाहन सहित आवश्यक संसाधनों की भी व्यवस्था की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ फरीदाबाद के नागरिकों को मिलेगा। हमारा प्रयास है कि हर घर से समय पर कूड़ा उठे, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा न हो तथा कचरे के संग्रहण से लेकर प्रोसेसिंग साइट तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल शहर की सुंदरता से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि नागरिकों के बेहतर जीवन और स्वस्थ पर्यावरण का भी आधार है। सरकार का उद्देश्य फरीदाबाद में ऐसी स्वच्छता व्यवस्था विकसित करना है, जो नियमित, जवाबदेह, आधुनिक और आने वाले वर्षों की जरूरतों के अनुरूप हो।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत के विजन और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार विकास के साथ-साथ स्वच्छता को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। फरीदाबाद को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने के संकल्प को इसी गति के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।