निगमायुक्त यशेंद्र सिंह ने महापौर से की मुलाकात, विकास कार्यों को लेकर हुई चर्चा

फरीदाबाद। फरीदाबाद के नवनियुक्त निगमायुक्त यशेंद्र सिंह ने सोमवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने के अगले दिन आज  मंगलवार को महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी के कार्यालय पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की।

महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने श्री यशेंद्र सिंह को फरीदाबाद नगर निगम आयुक्त के रूप में नियुक्ति पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान महापौर और निगम आयुक्त के बीच फरीदाबाद नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं तथा शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

महापौर ने निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने तथा आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के आपसी समन्वय से शहर के विकास को और अधिक गति दी जा सकती है।

निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने भी शहर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने की बात कही। उन्होंने महापौर को निगम प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

मुलाकात के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था, सड़क, सीवर, पेयजल, जलभराव सहित विभिन्न विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।