जिला में एचटेट परीक्षा का हो सफल आयोजन: डीसी

- डीसी आयुष सिन्हा ने एचटेट परीक्षा के सफल संचालन के लिए अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

- जिला में 4 व 5 जुलाई को होगी एचटेट परीक्षा

फरीदाबाद, 01 जुलाई। डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की ओर से आगामी 4 जुलाई व 5 जुलाई को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए फरीदाबाद जिला में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, नकल रहित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा इसके लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

डीसी आयुष सिन्हा ने बुधवार को लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में एचटेट परीक्षा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर परीक्षा के सफल संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

डीसी ने कहा कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा का नकल रहित एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करना प्रत्येक सेंटर अधीक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं ईमानदारी के साथ कराया जाए। जिन अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, वे अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी 14 परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 लागू रहेगी तथा इस क्षेत्र में चार या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त फ्लाइंग स्क्वाड, ड्यूटी मजिस्ट्रेट तथा संबंधित अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे और प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी नजर रखेंगे, ताकि परीक्षा की गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनी रहे।

14 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
फरीदाबाद जिला में स्थापित 14 परीक्षा केंद्रों पर दोनों दिनों में तीन सत्रों के दौरान अभ्यर्थी एचटेट परीक्षा देंगे। शनिवार, 4 जुलाई को लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा सांय 3:00 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित होगी। रविवार, 5 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे से 12:30 बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) तथा इसी दिन सांय 3:00 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

डीसी ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय से काफी पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें, ताकि मेटल डिटेक्टर से जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताएं समय रहते पूरी की जा सकें। 

उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी ओएमआर शीट पर उत्तर अंकित करने के लिए केवल काले बॉल प्वाइंट पेन का ही प्रयोग करें। प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए रंगीन प्रवेश पत्र, काला बॉल प्वाइंट पेन तथा पंजीकरण के समय अपलोड की गई रंगीन फोटो को प्रवेश पत्र पर राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित कराना अनिवार्य होगा। रंगीन प्रवेश पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

डीसी ने कहा कि यदि किसी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी अथवा आपात स्थिति का सामना करना पड़े तो वह तत्काल आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है। जिला प्रशासन परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षा तथा परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।