हर पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता: आयुष सिन्हा
- लोकतंत्र को मजबूत बनाने में नागरिक करें सहयोग, समय पर पूरी करें एसआईआर प्रक्रिया
- बीएलओ से संपर्क कर जल्द से जल्द जमा करवाएं फॉर्म
फरीदाबाद, 06 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिविजन-2026) अभियान के तहत मतदाता सूची के सत्यापन एवं डिजिटलीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही, अद्यतन एवं त्रुटिरहित सुनिश्चित करना है, जिसके लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर प्रपत्र एकत्रित करने तथा उनके डिजिटलीकरण का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि जिले की विधानसभा क्षेत्रों में अभियान को लेकर उत्साहजनक प्रगति दर्ज की गई है। अब तक फरीदाबाद विधानसभा में निर्वाचक प्रपत्रों का डिजिटलीकरण कर 41.48 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। एनआईटी फरीदाबाद विधानसभा में प्रपत्र डिजिटाइज कर 40.61 प्रतिशत, बड़खल विधानसभा में प्रपत्रों का डिजिटलीकरण कर 38.13 प्रतिशत, तिगांव विधानसभा मेंप्रपत्रों का डिजिटलीकरण कर 37.45 प्रतिशत तथा बल्लभगढ़ विधानसभा में प्रपत्रों का डिजिटलीकरण कर 30.13 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं से किसी कारणवश संपर्क नहीं हो पाया है, उनकी संख्या भी लगातार कम हो रही है और बीएलओ लगातार ऐसे मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
बीएलओ से संपर्क कर जल्द से जल्द जमा करवाएं फॉर्म
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि अभियान के दौरान ऐसे मतदाताओं की संख्या भी लगातार कम हो रही है, जिनसे किसी कारणवश संपर्क नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं तक बीएलओ अभी तक नहीं पहुंच पाए हैं अथवा जो अपने घर पर उपलब्ध नहीं थे, वे स्वयं संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रपत्र शीघ्र जमा कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम पहले से दर्ज होने पर भी निर्धारित प्रपत्र जमा करना आवश्यक है, ताकि मतदाता का विवरण अद्यतन एवं सत्यापित किया जा सके।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रत्येक पात्र मतदाता समय रहते अपने दस्तावेज एवं प्रपत्र जमा कर इस अभियान में सहयोग करें, ताकि जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। जिला प्रशासन अभियान को समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।