14 जुलाई तक गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को अवश्य जमा करें : उपायुक्त आयुष सिन्हा

- 21 जुलाई को प्रकाशित होगी प्रारंभिक मतदाता सूची-2026, समय रहते पूरा करें प्रक्रिया


फरीदाबाद, 06 जुलाई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि हरियाणा राज्य के 1,99,18,634 (96.43%) मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किये जा चुके हैं जिनमें से कुल 1,22,08,806 (59.11%) गणना प्रपत्रों को बीएलओ के माध्यम से डिजिटाइज्ड/अपलोड (Digitized/upload) किया जा चुका है।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि आयोग की हिदायत अनुसार बीएलओ द्वारा प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र दोहरी प्रति में दिये गये हैं। जिसमें मतदाता अपना विवरण भर कर बीएलओ को वापिस जमा करवायेंगे तथा बीएलओ एक गणना प्रपत्र पर हस्ताक्षर करके मतदाता या परिवार के व्यस्क सदस्य को रसीद/प्राप्ति के रूप में वापिस करेंगे। उन्होंने कहा कि दिनांक 21 जुलाई 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची-2026 में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किये जाएंगे जिनसे हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र वापिस बीएलओ को प्राप्त होते हैं। यदि किसी मतदाता का गणना प्रपत्र वापिस बीएलओ को प्राप्त नहीं होता है तो उसका नाम प्रारंभिक मतदाता सूची-2026 में शामिल नहीं होगा।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि गणना प्रपत्र भर कर बीएलओ को वापिस जमा करने का लगभग एक सप्ताह (दिनांक 14 जुलाई.2026 तक) का समय रह गया है। इसलिए जिले के सभी मतदाताओं से अपील है कि वे अपने गणना प्रपत्र में सही जानकारी भर कर व हस्ताक्षर सहित बीएलओ को वापिस जमा करवायें तथा प्राप्ति / रसीद के रूप में बीएलओ से हस्ताक्षरित दूसरा गणना प्रपत्र अवश्य प्राप्त करें। मतदाता अपना गणना प्रपत्र आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in पर ऑनलाईन (online) भी भर सकते हैं। साथ में हरियाणा राज्य के राष्ट्रीय व राज्यीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों से भी अपील है कि अपने-अपने राजनीतिक दलों के बीएलए-11 (बूथ लेवल एजेंट-II) के माध्यम से सभी मतदाताओं को जागरूक करें तथा आयोग की हिदायत अनुसार मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त करके बीएलओ को जमा करवायें।