उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में छांयसा में एसआईआर डिजिटलीकरण कार्य एवं बूथ का निरीक्षण, बीडीपीओ अंशु डागर ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

फरीदाबाद, 8 जुलाई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं डिजिटलीकरण कार्य को गति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में बल्लभगढ़ की खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) अंशु डागर ने बुधवार को छांयसा गांव का दौरा कर एसआईआर डिजिटलीकरण कार्य एवं मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान बीडीपीओ अंशु डागर ने बूथ पर नियुक्त बीएलओ एवं अन्य निर्वाचन कार्मिकों से अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने डिजिटलीकरण के लिए प्राप्त गणना प्रपत्रों के समयबद्ध अपलोड, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य पूरी पारदर्शिता, शुद्धता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं ताकि मतदाता सूची अधिकाधिक त्रुटिरहित एवं अद्यतन तैयार हो सके।

बीडीपीओ अंशु डागर ने बूथ पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अभियान में लगे बीएलओ से कहा कि वे घर-घर संपर्क कर पात्र नागरिकों को गणना प्रपत्र भरवाने, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा डिजिटलीकरण प्रक्रिया में सहयोग के लिए प्रेरित करें, जिससे कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित करने का आह्वान करते हुए कहा कि एसआईआर-2026 निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जिला प्रशासन द्वारा अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है तथा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।