निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ पूरा करें एसआईआर कार्य: एसडीएम डॉ. हनी बंसल

- एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने सेक्टर-16 व दौलताबाद में एसआईआर डिजिटलीकरण कार्य का लिया जायजा

फरीदाबाद, 8 जुलाई।  उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं डिजिटलीकरण कार्य निरंतर गति से संचालित किया जा रहा है। अभियान की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से बुधवार को फरीदाबाद के एसडीएम डॉ. हनी बंसल एवं संबंधित बीडीपीओ ने सेक्टर-16 तथा दौलताबाद स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और एसआईआर डिजिटलीकरण कार्य का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने बूथों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं अन्य निर्वाचन कर्मियों से अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गणना प्रपत्रों के संग्रहण, डिजिटलीकरण एवं समयबद्ध अपलोड की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए प्रत्येक कार्य पूरी पारदर्शिता, शुद्धता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

एसडीएम एवं बीडीपीओ ने बूथों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर पात्र नागरिकों से संपर्क करें, गणना प्रपत्र भरवाने में सहयोग करें तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर समय पर डिजिटलीकरण सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा एसआईआर-2026 अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाना है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जा सके।