विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 : एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर डिजिटलीकरण कार्य का किया निरीक्षण

- समय रहते जमा करें एन्यूमरेशन फॉर्म, अंतिम तिथि का इंतजार न करें : एसडीएम डॉ. हनी बंसल


फरीदाबाद, 11 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत फरीदाबाद के उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) डॉ. हनी बंसल ने बुढ़ैना गांव, खेड़ी पुल, सेक्टर-87 स्थित प्रिंसेस पार्क सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं डिजिटलीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अभियान के तहत किए जा रहे घर-घर सत्यापन, एन्यूमरेशन फॉर्म के संग्रहण तथा डिजिटलीकरण की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने मौके पर यह भी जांच की कि बीएलओ द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक घर का भ्रमण किया गया है या नहीं। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करने तथा प्रत्येक गणना प्रपत्र का समयबद्ध डिजिटलीकरण कर पोर्टल पर अपलोड करने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने क्षेत्र के नागरिकों से संवाद करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि का इंतजार न करें, बल्कि इसे यथाशीघ्र भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा कराएं। उन्होंने बताया कि अंतिम दिनों में तकनीकी बाधाओं, आवश्यक दस्तावेजों की कमी अथवा अन्य व्यावहारिक कारणों से अनावश्यक असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए समय रहते फॉर्म जमा करने से किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सकता है तथा प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची में शामिल किया जाना सुनिश्चित होगा।