एसआईआर अभियान के तहत डीसी आयुष सिन्हा ने भारत कॉलोनी में किया औचक निरीक्षण, मतदाताओं से किया सीधा संवाद

- मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी पात्र मतदाता का नाम न छूटे : डीसी आयुष सिन्हा

- मतदाता सत्यापन अभियान में नागरिकों से की सहयोग की अपील


फरीदाबाद, 18 जून।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने वीरवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत भारत कॉलोनी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे गणना प्रपत्र वितरण एवं मतदाता सत्यापन कार्य का जायजा लिया तथा क्षेत्र के निवासियों से सीधे संवाद कर अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उनके साथ संबंधित निर्वाचन अधिकारी एसडीएम डॉ. हनी बंसल भी उपस्थित रहे।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न परिवारों से बातचीत कर यह सुनिश्चित किया कि गणना प्रपत्र सही व्यक्तियों तक पहुंच रहे हैं तथा मतदाता सूची में शामिल होने योग्य प्रत्येक नागरिक का सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने मतदाताओं से उनके स्थायी निवास, मतदान केंद्र और पूर्व में मतदान करने संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा बीएलओ को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए।

निरीक्षण के दौरान कुछ ऐसे मामलों की भी समीक्षा की गई जिनमें मतदाता वर्तमान में जिले में निवास कर रहे हैं, जबकि उनका मतदाता पंजीकरण अन्य राज्यों अथवा जिलों में दर्ज है। इस संबंध में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे नागरिकों को नियमानुसार आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाया जा रहा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र अथवा दोहरे पंजीकरण जैसी त्रुटियों को दूर करना है। इसके लिए बीएलओ, सुपरवाइजर और निर्वाचन विभाग की टीमें पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रही हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में रहने वाले प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। साथ ही नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ को सही जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग करें, ताकि जिले की मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जा सके।