जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान प्रभावी रूप से जारी : उपायुक्त

- मतदाता सत्यापन कार्य के लिए नियुक्त बीएल, घर-घर जाकर बांट रहे हैं गणना फॉर्म : उपायुक्त

- सभी मतदाता बीएलओ का करें सहयोग

फरीदाबाद, 22 जून। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान प्रभावी रूप से जारी है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी एवं त्रुटि रहित बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र नामों को हटाना सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार 14 जुलाई 2026 तक प्राप्त गणना फॉर्मों के आधार पर प्रारंभिक मतदाता सूची (ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल) का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो मतदाता निर्धारित समयावधि में अपना गणना फॉर्म जमा नहीं कर पाएंगे, उन्हें 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक चलने वाली दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान घोषणा पत्र एवं फॉर्म-6 के माध्यम से अपना आवेदन प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित कर रहे हैं तथा नए पात्र नागरिकों का मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बीएलओ के पास अतिरिक्त गणना फॉर्म एवं घोषणा पत्र उपलब्ध रहेंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और सभी योग्य मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिल सके।