प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है: राष्ट्रीय महामंत्री  अरूण सिंह

फरीदाबाद, 30 मई। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान के तहत शनिवार को फरीदाबाद महानगर जिला वर्ग प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिन भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन, राष्ट्र निर्माण और पार्टी के गौरवशाली इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र प्रथम के संकल्प को जीवन का मूल मंत्र बनाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सोहन पाल सिंह ने की।

राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित वैचारिक पार्टी है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और उसकी सक्रिय भूमिका से ही संगठन बूथ स्तर तक मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण, परिश्रम और जनता के विश्वास के बल पर भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं का न केवल व्यक्तित्व निखरता है, बल्कि उनकी संगठनात्मक क्षमता भी कई गुना बढ़ जाती है।

अरूण सिंह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए कहा कि एकात्म मानववाद की विचारधारा आज भी भाजपा सरकारों की नीतियों में दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1952 में जनसंघ को केवल तीन सीटें मिली थी, जबकि 2019 में भाजपा 303 सीटों तक पहुंची। उन्होंने इसे संगठन और विचार की जीत बताते हुए कहा कि भाजपा आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में राजनीतिक और विकासात्मक परिवर्तन आया है तथा अयोध्या में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बनना करोड़ों लोगों की आस्था का सम्मान है।

राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान का विचार दिया था। आज केंद्र और राज्य सरकारें उसी अंत्योदय के दर्शन को आधार बनाकर गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही हैं।
उन्होंने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को भी स्मरण किया और कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वाेपरि रखने की परंपरा भाजपा की पहचान रही है और कार्यकर्ताओं को इसी भावना के साथ समाज में कार्य करना चाहिए।

अरुण सिंह ने प्रशिक्षण वर्ग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना तथा कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, कार्यपद्धति और संगठनात्मक मूल्यों से परिचित कराना है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है और उन्हें जनसेवा के लिए नई ऊर्जा एवं दिशा प्राप्त होती है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक घर तक पहुंचाएं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है और यही शक्ति राष्ट्र निर्माण के संकल्प को साकार करेगी।

सेवा, संस्कार और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ संपन्न हुआ नवचेतना शाखा का शपथ समारोह

साहिबाबाद।मारवाड़ी युवा मंच नवचेतना शाखा का शपथ ग्रहण एवं शपथ विधि समारोह युवा भवन, साहिबाबाद में बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण एवं संगठनात्मक एकता का प्रेरणादायी स्वरूप देखने को मिला। नई टीम ने सेवा, संस्कार एवं संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में ऊर्जा, अपनापन एवं सामाजिक समर्पण की अद्भुत झलक दिखाई दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय अध्यक्ष विमल खंडेलवाल द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। शाखा की सदस्यों द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का दुपट्टा एवं तुलसी का पौधा भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान शाखा अध्यक्ष सुमन बड़ारिया ने अपने कार्यकाल में शाखा द्वारा वर्षभर किए गए सेवा, सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने शाखा की उपलब्धियों, विभिन्न जनसेवा परियोजनाओं एवं सदस्य सहभागिता से जुड़े कार्यों को साझा किया। उनके प्रेरणादायी कार्यों एवं सफल नेतृत्व की जानकारी सुनकर उपस्थित सभी सदस्यों एवं अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनकी सराहना की तथा उनके योगदान की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्रांतीय अध्यक्ष विमल खंडेलवाल ने कहा कि नवचेतना शाखा आरंभ से ही समाजहित एवं संगठनात्मक कार्यों में सराहनीय एवं प्रेरणादायी भूमिका निभा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम संगठन को नई ऊर्जा एवं नई दिशा प्रदान करते हुए मारवाड़ी युवा मंच को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि सेवा, संस्कार एवं समर्पण ही संगठन की सबसे बड़ी पहचान और शक्ति है।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित शाखा अध्यक्ष डॉ. रिंकी कंसल को शपथ ग्रहण करवाकर विधिवत दायित्व ग्रहण करवाया गया। साथ ही नवनिर्वाचित मंत्री उर्वशी गर्ग एवं कोषाध्यक्ष उर्मिला खंडेलवाल को भी शपथ पाठ करवाकर नए दायित्व सौंपे गए।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. रिंकी कंसल ने सभी सदस्यों के सहयोग एवं समर्थन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उपस्थित अतिथियों का हार्दिक धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि नवचेतना शाखा सदैव सेवा, संस्कार एवं सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाजहित में अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी।

विशिष्ट अतिथि के रूप में मंडल उपाध्यक्ष विवेक दासानी उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन की एकजुटता, महिला नेतृत्व एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं।

इस गरिमामयी अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष कोमल डोकानिया, पूर्व अध्यक्ष सुनीता कोठारी, सुनीता टाटेर, संगीता नाहटा, सुचिता बैद एवं सुमन बरारिया की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ाया। साथ ही सचिव उर्वशी गर्ग, कोषाध्यक्ष ज्योति खंडेलवाल एवं अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को और अधिक सफल एवं यादगार बना दिया।

सभी पूर्व अध्यक्षों ने अपने अनुभव, मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी विचारों से नई टीम का उत्साहवर्धन करते हुए शाखा के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं।

विशेष रूप से मेजर सीमा कौशिक एवं उनकी टीम द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सेल्फ डिफेंस एवं आपातकालीन सहायता नंबरों के प्रति जागरूकता प्रदान की गई। उन्होंने वर्तमान परिवेश में महिलाओं को सजग एवं आत्मनिर्भर रहने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उनके प्रेरणादायी विचारों एवं मार्गदर्शन से सभी सदस्यों में नई ऊर्जा एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने आपसी मेल-मिलाप एवं आत्मीयता के साथ विभिन्न सामाजिक योजनाओं पर चर्चा की तथा नवचेतना शाखा की एकजुटता, सेवा भावना एवं संगठनात्मक शक्ति की मुक्त कंठ से सराहना की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रेरणादायी संबोधनों एवं उत्साहपूर्ण वातावरण ने समारोह को अविस्मरणीय बना दिया।

मारवाड़ी युवा मंच नवचेतना शाखा निरंतर समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण एवं संगठनात्मक कार्यों में नए आयाम स्थापित करती रहे, यही सभी की मंगलकामना रही।