.jpeg)
बेटियों के लिए HPV टीकाकरण अभियान शुरू, 31 मई तक चलेगा अभियान : डीसी आयुष सिन्हा
- फरीदाबाद में HPV टीकाकरण को लेकर स्कूल स्तर पर चल रहा जागरूकता अभियान : डॉ जयंत आहूजा
- अफवाहों से बचें, टीका पूरी तरह विज्ञान के मापदंड अनुसार, बेटियों के लिए महत्वपूर्ण आज ही कराए टीकाकरण
- अभिभावक केवल सरकारी स्वास्थ्य जानकारी पर करें भरोसा
फरीदाबाद, 23 अप्रैल।
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि बेटियों के स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य विभाग, फरीदाबाद द्वारा HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान पूरे जिले में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 28 फरवरी 2026 से 31 मई 2026 तक सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी से समय रहते सुरक्षा प्रदान करना है, क्योंकि HPV संक्रमण इस बीमारी का प्रमुख कारण है, जिसे समय पर टीकाकरण के माध्यम से काफी हद तक रोका जा सकता है।
डॉ. आहूजा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की सभी किशोरियों को निःशुल्क HPV टीका लगाया जा रहा है। जिले में CRID डेटा के अनुसार कुल 23,000 किशोरियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 1106 किशोरियों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने इसे समाज में बढ़ती जागरूकता एवं अभिभावकों के सहयोग का सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग इस अभियान की गति को और तेज़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकारी एवं निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों के लिए ओरिएंटेशन वर्कशॉप सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं। इन कार्यशालाओं के माध्यम से स्कूल प्रशासन को HPV टीकाकरण के महत्व, प्रक्रिया एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई है, ताकि वे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को इसके लिए प्रेरित कर सकें। इसके अतिरिक्त, स्कूलों में प्रार्थना सभाओं, जागरूकता सत्रों तथा विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से भी व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
*अफवाहों से बचें, टीका पूरी तरह विज्ञान के मापदंड अनुसार, बेटियों के लिए महत्वपूर्ण
आज ही कराए टीकाकरण*
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जयंत आहूजा ने HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण को लेकर समाज में फैली विभिन्न भ्रांतियों को पूरी तरह निराधार बताते हुए स्पष्ट किया है कि यह टीका न तो बांझपन का कारण बनता है और न ही इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव हैं। विभाग के अनुसार कम उम्र में टीकाकरण कराना अत्यंत आवश्यक और अधिक प्रभावी होता है, जबकि यह धारणा कि यह नया या असुरक्षित टीका है, पूरी तरह गलत है। यह टीका वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित, सुरक्षित तथा वर्षों से देश-विदेश में सफलतापूर्वक उपयोग में लाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि HPV टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है, संक्रमण के खतरे को कम करता है तथा भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव सुनिश्चित करता है। साथ ही यह किशोरियों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं आत्मविश्वासी जीवन की मजबूत नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अभिभावक केवल सरकारी स्वास्थ्य जानकारी पर करें भरोसा
डॉ. जयंत आहूजा ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या गलत जानकारी पर विश्वास न करें और केवल स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी प्रमाणित जानकारी को ही मानें। उन्होंने कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और देश-विदेश में लाखों किशोरियों को लगाया जा चुका है। अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी, नजदीकी टीकाकरण केंद्र, समय-सारणी एवं अन्य दिशा-निर्देशों के लिए जारी किए गए सूचनात्मक फ्लायर/पोस्टर का अवलोकन करें। अधिक जानकारी हेतु जिला टीकाकरण अधिकारी, फरीदाबाद से दूरभाष नंबर +91 129 298 5566 पर संपर्क किया जा सकता है।