
जनगणना में डिजिटल पहल: विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने स्व-गणना प्रक्रिया में लिया भाग
- जनगणना प्रक्रिया आसान और सुरक्षित, नागरिक बढ़-चढ़कर लें हिस्सा
- ‘स्व-गणना’ से जुड़ें नागरिक: विधायक मूलचंद शर्मा ने किया आह्वान
फरीदाबाद, अप्रैल। जनगणना कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने की दिशा में बल्लभगढ़ से विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरियाणा मूलचंद शर्मा ने आज स्वयं अपनी 'स्व-गणना' (Self-Enumeration) कर सरकार की इस विशेष पहल में भाग लिया।
उन्होंने कहा कि जनगणना हमारा विकास है राष्ट्र पर्व के रूप में जनगणना का कार्य शुरू हो चुका है जिसमें सभी की भागीदार बेहद जरूरी है।
उन्होंने डिजिटल माध्यम से अपनी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जानकारी दर्ज कर शहरी और ग्रामीण इलाके के नागरिकों को इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया और जनगणना कर्मचारियों का सहयोग करने की अपील की।
बल्लभगढ़ विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि 'स्व-गणना' केवल एक सांख्यिकीय प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह भविष्य की सरकारी योजनाओं के सटीक क्रियान्वयन का आधार है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि भारत और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने के लिए सटीक डेटा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज मैंने स्वयं इस प्रक्रिया में भाग लेकर पाया है कि यह प्रक्रिया अत्यंत सरल, सुरक्षित और नागरिक-अनुकूल है। इसलिए आप सभी इस प्रक्रिया को अपनाएं और स्वयं गणना करें।
विधायक मूलचंद शर्मा ने नागरिकों से विशेषकर युवाओं और शिक्षाविदों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि वे अपने मोबाइल या कंप्यूटर सिस्टम के माध्यम से इस पहल का हिस्सा बनें और सरकार की इस पहल का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर जनगणना निदेशालय की तरफ से जिला जनगणना समन्वय अधिकारी प्रशांत शर्मा, पीआरओ जोगेंद्र रावत, सुप्रीडेंट ओमप्रकाश रावत और कर्मचारी मौजूद रहे।