फरीदाबाद में ईस्ट-टू-वेस्ट कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार

- बड़खल से बाटा तक एलिवेटेड कॉरिडोर से सुधरेगा ट्रैफिक सिस्टम

- एफएमडीए सीईओ पी. सी. मीणा और डीसी आयुष सिन्हा ने किया कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण


फरीदाबाद, 16 अप्रैल।
फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के सीईओ पी. सी. मीणा ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और पूर्व से पश्चिम (ईस्ट-टू-वेस्ट) कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर कार्य तेज गति से किया जा रहा है। एफएमडीए सीईओ पी सी मीणा ने आज उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के साथ ईस्ट टू वेस्ट कनेक्टिविटी के विभिन्न मार्गों का निरीक्षण किया।

एफएमडीए सीईओ पी सी मीणा ने जानकारी दी कि लगभग 8 किलोमीटर लंबे बड़खल से सैनिक कॉलोनी तक प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर के माध्यम से बड़खल क्षेत्र को सीधे सैनिक कॉलोनी तक जाएगा, जिससे ईस्ट-वेस्ट कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। जिससे शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच आवागमन में लगने वाला समय काफी कम होगा।

इसके अतिरिक्त, लगभग 9 किलोमीटर लंबे सैनिक कॉलोनी से बीपीटीपी होते हुए बाटा रोड तक के कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट पर भी कार्य किया जा रहा है। यह मार्ग न केवल रिहायशी क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगा, बल्कि औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगा।

श्री मीणा ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद ट्रैफिक जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि एफएमडीए द्वारा सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण हो सके। इन परियोजनाओं के माध्यम से फरीदाबाद को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरी परिवहन नेटवर्क की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे शहर के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान एचएसवीपी एसई संदीप दहिया, एफएमडीए चीफ इंजीनियर प्रवीण चौधरी, एफएमडीए एक्सीयन विनय ढुल, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।