
फरीदाबाद जेल में वृद्ध कैदियों के लिए विधिक जागरूकता अभियान आयोजित
- न्याय और सम्मान परियोजना के तहत कैदियों को कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
फरीदाबाद, 16 अप्रैल।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा “न्याय और सम्मान” परियोजना के अंतर्गत जिला जेल नीमका, फरीदाबाद में वृद्ध कैदियों के लिए एक विधिक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं चेयरमैन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संदीप गर्ग के कुशल मार्गदर्शन और सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रितु यादव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह सचिव रीतू यादव की उपस्थिति एवं देखरेख में जेल विभाग के सहयोग से किया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य वृद्ध कैदियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर कैदियों को निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता, जमानत, पैरोल एवं फरलो संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें बताया गया कि वे किस प्रकार विधिक सेवा प्राधिकरण से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
सीजेएम रीतू यादव द्वारा वृद्ध कैदियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी गई। इनमें बढ़ईगीरी, कुर्सी बुनाई, ऑटोमोबाइल, ब्यूटीशियन, प्रिंटिंग तथा मोटर वाइंडिंग जैसे प्रशिक्षण शामिल हैं। इसके अतिरिक्त वृद्ध कैदियों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली गई की कोई बीमार तो नहीं है यदि बीमार है तो उसे दवाई मिल रही है या नहीं इसके अतिरिक्त अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी (UTRC) की कार्यप्रणाली के संबंध में भी जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल वृद्ध कैदियों को न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि उनके पुनर्वास, हेल्थ एवम आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देना है। कार्यक्रम को कैदियों द्वारा उत्साहपूर्वक सराहा गया तथा उन्होंने साझा की गई जानकारी में गहरी रुचि दिखाई। इस अवसर पर जेल सुपरिंटेंडेंट नरेश कुमार गोयल, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट सुमित पवार व डिफेंस काउंसिल रविंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे।