रसोई गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, अफवाहों से बचें : डीसी आयुष सिन्हा
फरीदाबाद, 14 अप्रैल।
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि जिले में रसोई गैस की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है और एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि गैस वितरण की पूरी व्यवस्था अत्यंत व्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया है कि वे सोशल मीडिया अथवा अन्य अनौपचारिक स्रोतों से फैलने वाली निराधार अफवाहों और भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) कविता सिंह परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि घरेलू, वाणिज्यिक तथा 5 किलोग्राम एफटीएल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति एवं वितरण मांग के अनुसार 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान वाणिज्यिक गैस सिलेंडर, 5 किलोग्राम एफटीएल गैस सिलेंडर और घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कुल 10243 सिलेंडरों की डिलीवरी उपभोक्ताओं को सफलतापूर्वक की गई है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि चूंकि मांग और आपूर्ति के बीच कोई अंतर नहीं है, इसलिए वे गैस एजेंसियों पर अनावश्यक लाइन न लगाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जरूरत से ज्यादा सिलेंडर घर में रखना न केवल अनावश्यक है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी जोखिम भरा हो सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की सप्लाई निर्बाध रूप से जारी रहेगी, अतः जनता धैर्य बनाए रखे।