सूरजकुंड मेले में पर्यटकों की पहली पसंद बन रहा हेलीकॉप्टर झूला व जलपरी शो
दिनभर पर्यटकों की भारी भीड़ से गुलजार हो रहा सूरजकुंड शिल्प महोत्सव
फरीदाबाद, 6 फरवरी।
फरीदाबाद के सूरजकुंड में आयोजित किए जा रहे 39वें अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले में मनोरंजन के लिए लगाए गए आकर्षक झूले इन दिनों पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मेले के गेट नंबर एक के पास स्थापित झूला परिसर में दिनभर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। फरीदाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली सहित आसपास के क्षेत्रों से आए हजारों पर्यटक परिवार सहित झूलों का आनंद ले रहे हैं और खूब मौज-मस्ती कर रहे हैं।
सूरजकुंड मेले में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए छोटे और बड़े मिलाकर विभिन्न प्रकार के लगभग 30 प्रकार के झूले लगाए गए हैं। इनमें सलामी झूला, डबल डिस्क, ब्रेक डांस, जायंट व्हील, रेंजर झूला और अत्याधुनिक हेलीकॉप्टर झूला विशेष आकर्षण बने हुए हैं। हेलीकॉप्टर झूला पर्यटकों को दुबई सिटी के पूरे शहर का आभासी अनुभव प्रदान कर रहा है, जिससे रोमांच और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
बच्चों के मनोरंजन के लिए पानी की बोटिंग की सुविधा के साथ-साथ ऊंट की सवारी भी उपलब्ध कराई गई है। बच्चे ऊंट की सवारी का आनंद लेते हुए रेगिस्तानी संस्कृति की झलक पा रहे हैं, वहीं परिवार के अन्य सदस्य नाव की सवारी का मजा ले रहे हैं। झूलों के टिकट की कीमत 100 रुपये से लेकर 200 रुपये तक निर्धारित की गई है, जिसे पर्यटक किफायती और सुविधाजनक बता रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से झूलों के आसपास विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि सभी दर्शक सुरक्षित रूप से मनोरंजन कर सकें।
झूला परिसर के आसपास खाने-पीने के लिए कई आकर्षक फूड स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहां स्थानीय और विभिन्न राज्यों के व्यंजन उपलब्ध हैं। चाट, फास्ट फूड, मिठाइयां और पारंपरिक खानपान का आनंद लेते हुए पर्यटक पूरे परिवार के साथ मेले का भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड मेला न केवल हस्तशिल्प, कला और संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि मनोरंजन के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है। यहां लगाए गए झूले बच्चों के लिए खुशी का स्रोत हैं, वहीं युवाओं के लिए रोमांच और बुजुर्गों के लिए यादगार पल बन रहे हैं।
जल परी और पानी में आकर्षक शो पर्यटकों को रहे लुभा
मेले में जल परी और पानी में तैरते आकर्षक शो दर्शकों को लुभा रहे हैं। पानी के भीतर तैरती जलपरी को देखने के लिए बच्चों और बड़ों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। यह शो खासकर बच्चों के लिए एक अनोखा और यादगार अनुभव बन रहा है।
मेले में आने वाले पर्यटकों से आयोजकों ने अपील की है कि वे हेलीकॉप्टर झूले और अन्य रोमांचक झूलों का अनुभव अवश्य लें और मेले में उपलब्ध विभिन्न सांस्कृतिक, पारंपरिक और मनोरंजन गतिविधियों का पूरा आनंद उठाएं।