Alia Bhatt Praises Om Ka Hari - Calls it “A Gem of a Film and So Full of Heart”, Urges Audiences to Watch It With Their Parents
Alia Bhatt Praises Om Ka Hari - Calls it “A Gem of a Film and So Full of…
Alia Bhatt Praises Om Ka Hari - Calls it “A Gem of a Film and So Full of…
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी बड़ी सौगात, करीब 117 करोड़ की 557 परियोजनाओं का किया उद्घाटन
हरियाणा को विकास के शिखर पर लेकर जाना हमारी प्रतिबद्धता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
सोनीपत के मुरथल में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने की शिरकत
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी शरद नवरात्र और महाराजा अग्रसेन जयंती की बधाई
चंडीगढ़, 22 सितंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को शरद नवरात्र के पहले दिन प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए 117 करोड़ रुपये की 557 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत सोनीपत जिला के दीन बंधू छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) मुरथल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने यहां से 72 महिला सांस्कृतिक केंद्र, 90 इनडोर जिम, 69 योग एवं व्यायामशालाओं, मुख्यमंत्री किसान खेत सड़क योजना के तहत 101 सड़कों एवं 225 गांवों में फिरनी पर स्ट्रीट लाइट्स का उद्घाटन किया। इसके साथ-साथ उन्होंने स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान और 8वें पोषण माह के तहत महिला स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन एवं निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को नवरात्र व महाराजा अग्रसेन जयंती की बधाई भी दी।
इस मौके पर संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह केवल परियोजनाओं का उद्घाटन नहीं है बल्कि हमारे संकल्पों की सिद्धि का और हरियाणा को विकास के शिखर पर ले जाने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हरियाणा सरकार गांव-गांव और शहर-शहर समान रूप से विकास का प्रकाश फैलाने के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का मानना है कि जब महिला सशक्त होंगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत होगा। ये सांस्कृतिक केंद्र, जिनका आज उद्घाटन किया गया है यह महिलाओं के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच होंगे। इन केंद्रों में माताएं-बहनें सांस्कृतिक कार्यक्रम कर सकेंगी। प्रदेशभर में यह सांस्कृतिक केंद्र खोले जा रहे हैं। बीते दिनों तीज महोत्सव के दौरान प्रदेश में 131 महिला सांस्कृतिक केंद्रों का उद्घाटन किया गया था, आज के केंद्रों को मिलाकर प्रदेश में कुल 203 महिला सांस्कृतिक केंद्र खोले जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 11 वर्षों के कार्यकाल में महिलाओं को सशक्त करने का काम किया है।
प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ और तंदुरुस्त देखना सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ और तंदरूस्त देखना सरकार के संकल्प का हिस्सा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी फिट इंडिया मूवमेंट की शुरूआत की थी। वहीं प्रदेश में फिटनेस और योग संस्कृति को बढ़ावा देते हुए जिम व व्यायामशालाएं खोली जा रही हैं। आज 90 इनडोर जिम और 69 योग एवं व्यायामशालाओं को उद्घाटन भी इसी कड़ी का हिस्सा हैं। अब तक प्रदेश में 892 योग एवं व्यायामशालाएं खोली जा चुकी हैं। सरकार की योजना हर गांव मे जिम खोलने की है। अभी तक 19 जिलों में 341 इनडोर जिम खोले जा चुके हैं। हर युवा स्वस्थ हो, नशे से दूर रहे और इन जिम और व्यायामशालाओं का लाभ उठाए।
गांवों का विकास सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गांवों का विकास उनकी सरकार की प्राथमिकता है। सबसे अधिक आबादी वाले ब्लॉकों के 10 गांवों और सभी महाग्रामों में फिरनी पर स्ट्रीट लाइट लगाने के काम किया जा रहा है। अब तक 695 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाई जा चुकी हैं। एक हजार से अधिक आबादी वाली 588 ग्राम पंचायतों की कच्ची फिरनियों को 237.64 करोड़ रुपये से पक्का किया गया है। बाकि जगह भी जल्द काम पूरा किया जाएगा। इसके साथ-साथ मुख्यमंत्री किसान खेत सड़क योजना में भी तेजी से कार्य हो रहा है। आज भी इस योजना के अंतर्गत 101 नई सड़कों का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ग्राम उदय से भारत उदय के विजन को आगे बढ़ाते हुए विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। हरियाणा सरकार भी इसे आगे बढ़ाते हुए पंचायती राज संस्थानों को सशक्त बनाते हुए ऐतिहासिक कदम उठा रही है।
हरियाणा को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम हरियाणा को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। ग्रामीण जीवन को गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए प्रदेश की 983 ई-लाइब्रेरियों में फर्नीचर उपलब्ध करवाया है। इन ई-लाइब्रेरियों में जल्द ही पुस्तकें व कंप्यूटर भी लगाए जाएंगे। इस सुविधा का विस्तार सभी गांवों में किया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि हरियाणा का प्रत्येक गांव स्वावलंबी बने और पंचायतें सबका साथ-सबका विकास के संकल्प को साकार करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिवस पर स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान और 8वें पोषण माह का शुभारंभ किया था। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने कामों में व्यस्त रहती हैं। ऐसे में स्वास्थ्य कैंप लगाए जा रहे हैं, वह अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य करवाएं, ताकि कोई गंभीर बीमारी हो तो समय पर इलाज हो सके।
पीएम ने जीएसटी में राहत देकर दी बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी में राहत देकर आमजन को बड़ी सौगात दी है। इसका लाभ आज पहले नवरात्र से मिलना शुरू हो गया है। खाने की सामग्री से लेकर अनेक वस्तुओं पर जीएसटी मे छूट दी गई है। जीएसटी में छूट से आम आदमी की बचत बढ़ेगी। यह गर्व की बात है कि जीएसटी मे यह सुधार की घोषणा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से की थी। तत्काल जीएसटी काउंसिल की बैठक हुई और जीएसटी छूट की घोषणा की गई। प्रधानमंत्री द्वारा यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उठाया गया कदम मील का पत्थर साबित होगा।
ग्रामीण विकास के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने दी बड़ी सौगात कृष्ण लाल पंवार
विकास एवं पंचायत व खनन तथा भूविज्ञानन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि आज ग्रामीण विकास के क्षेत्र में हरियाणा सरकार ने इतनी परियोजनाओं का उद्घाटन करके आमजन को बड़ी सौगात दी है। महिला सांस्कृतिक केंद्रों, इनडोर स्टेडियम, योग एवं व्यायामशाला तथा फिरनी एवं स्ट्रीट लाइट्स का उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में संभव हुआ है। ये परियोजनाएं न केवल हमारे गांवों की आधारभूत संरचना को मजबूत करेंगी, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के स्वास्थ्य, सांस्कृतिक संरक्षण और समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। हमारा लक्ष्य है कि हर गांव, हर घर तक विकास की रोशनी पहुंचे। आज का यह समारोह उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि “नारी ही नारायणी है, नारी ही शक्ति है” और जब नारी सशक्त होगी, तो गाँव, समाज और राष्ट्र सशक्त होगा।
ग्रामीण विकास में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभा रहाः डॉ. साकेत कुमार
विकास एवं पंचायत विभाग के आयुक्त एवं सचिव व मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार ने कहा कि यह हमारे लिए बड़े गर्व की बात है कि ग्रामीण विकास के क्षेत्र में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभा रहा है। हाल के वर्षों में गांव के बुनियादी ढ़ांचे में परिवर्तन के लिए हरियाणा सरकार ने अलग-अलग जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। गांव की सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाकर गांव की सुरक्षा एवं सुविधा को सुनिश्चित किया गया है। स्वास्थ्य एवं फिटनेस की दृष्टि से योग एवं व्यायामशालाएं खोली जा रही हैं। डिजिटल क्रांति को आगे बढ़ाते हुए गांवों में ई-लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में विशेष बल दिया गया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में एवं पंचायत मंत्री के मार्गदर्शन में पंचायती राज संस्थाएं सक्रिय भूमिका निभाएंगी तभी समृद्ध गांव और सशक्त हरियाणा का सपना साकार होगा।
मुख्यमंत्री ने इन्हें किया सम्मानित
- आयुष्मान व्यवंदन स्कीम के अंतर्गत ओमवती और ओमी को कार्ड दिया गया।
- आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत माया देवी को आभा आईडी दी गई।
- भिगान गांव में लिंगानुपात में सुधार होने पर भिगान गांव की सरपंच सुनीता को सम्मानित किया गया।
- कैंसर से ठीक होने वाली महिला को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, विधायक निखिल मदान, खरखोदा से विधायक पवन खरखोदा, गन्नौर से विधायक देवेंद्र कादियान, मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा, जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका दहिया, मेयर राजीव जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, भाजपा जिला अध्यक्ष गोहाना बिजेंद्र मलिक, दीनबंधु छोटूराम विज्ञान प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल के कुलपति प्रोफेसर श्री प्रकाश सिंह, पुलिस आयुक्त ममता सिंह, उपायुक्त सुशील सारवान सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।