N.I.T. नंबर-1 में भारत अशोक अरोड़ा ने किया श्रीराम बारात का भव्य स्वागत, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा क्षेत्र

विजय रामलीला कमेटी की श्रीराम बारात में उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह, पुष्पवर्षा कर किया गया स्वागत

फरीदाबाद। विजय रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित श्रीराम बारात का N.I.T. नंबर-1 स्थित पूर्व महापौर कार्यालय पर भारत अशोक अरोड़ा ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के स्वरूप का अभिनंदन किया। श्रीराम बारात के स्वागत के लिए क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाकर अपनी आस्था प्रकट की।

श्रीराम बारात शाम करीब 6 बजे सिद्ध पीठ श्री हनुमान मंदिर, 1-बी ब्लॉक से ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ रवाना हुई। बारात में भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों के स्वरूप अपने-अपने घोड़ों पर विराजमान थे। भक्ति गीतों और ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। रास्ते में जगह-जगह क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया।

भारत अशोक अरोड़ा के कार्यालय पर हुए स्वागत के दौरान भगवान श्रीराम के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। बारात में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने भाग लिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

इसके बाद देर रात विजय रामलीला कमेटी के ऐतिहासिक मंच पर भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का आयोजन किया गया। कमेटी इस आयोजन को पारंपरिक रूप से ‘शगनों की रात’ के रूप में मनाती है। राम के स्वरूप में निशांत नागपाल और सीता के स्वरूप में दीपांशी अरोड़ा ने मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। मंगल गीतों और भजन-संगीत के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। गायक मनोज कुमार मोंटी ने शगुन के गीतों से विवाह समारोह का माहौल बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन भी किया गया।