सेवा संकल्प अभियान के तहत फरीदाबाद में नुक्कड़ नाटकों से दिया नशामुक्ति का संदेश
- सेवा संकल्प अभियान के तहत बल्लभगढ़, फरीदाबाद और तिगांव में चलाया नशामुक्ति जागरूकता अभियान
फरीदाबाद, 16 अक्टूबर।
युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग, हरियाणा द्वारा 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरित होकर तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व एवं हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में नशामुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में फरीदाबाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जा रही है।
फरीदाबाद जिले के तीन ब्लॉकों में चलाया जा रहा जागरूकता अभियान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़, फरीदाबाद एवं तिगांव ब्लॉकों में नुक्कड़ नाटकों एवं विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना, समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ हरियाणा के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रभावशाली संदेश देकर युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रमों के सफल आयोजन में तत्व सत्य एलएलपी तथा सहयोगी संस्था जज्बा फॉउंडेशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला स्तरीय आयोजन में संजय एवं हिमांशु की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।