विश्व मानक दिवस पर बीआईएस ने निकाली गुणवत्ता यात्रा, स्वच्छ ऊर्जा का दिया संदेश

फरीदाबाद, 9 अक्टूबर। 
विश्व मानक दिवस के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो फरीदाबाद शाखा कार्यालय की ओर से शुक्रवार को एक कदम गुणवत्ता के ओर थीम को लेकर एक भव्य गुणवत्ता यात्रा का आयोजन किया गया। गुणवत्ता यात्रा को सेक्टर-12 स्थित एसआरएस मॉल की पार्किंग से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया और यात्रा का समापन भी वहीं पर हुआ। कार्यक्रम में पर सीमा सुरक्षा बल के सेवानिवृत्त उप महानिरीक्षक ओम प्रकाश  बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे, जबकि बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक कुमार रावत और पूर्व अध्यक्ष संजीव चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह कार्यक्रम बीआईएस फरीदाबाद के निदेशक एवं प्रमुख एम.के. परमानिक के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीमा सुरक्षा बल के सेवानिवृत्त उप महानिरीक्षक ओम प्रकाश ने बताया कि  इस वर्ष विश्व मानक दिवस की थीम सतत विकास लक्ष्य-7ः किफायती एवं स्वच्छ ऊर्जा रखी गई है, जिसका मकसद लोगों को स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग और ऊर्जा दक्षता के प्रति जागरूक करना है। उन्होने कहा कि मानक सिर्फ उत्पादों की गुणवत्ता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये उपभोक्ताओं की सुरक्षा, विश्वसनीयता और पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। आज के समय में किफायती और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है और इसके लिए गुणवत्तापूर्ण मानक उत्पादों का इस्तेमाल और लोगों की भागीदारी सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है।

बीआईएस फरीदाबाद के निदेशक एवं प्रमुख एम.के. परमानिक ने अपने संबोधन मेें कहा कि भारतीय मानक ब्यूरो उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के तहत देश का राष्ट्रीय मानक निकाय है, जो मानकीकरण और प्रमाणन के जरिए उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करता है। बीआईएस की ओर से इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लगातार लोगों को गुणवत्ता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होने एक कदम गुणवत्ता की ओर इस यात्रा के माध्यम से नागरिकों को गुणवत्ता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने, मानकों के अनुरूप उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा स्वच्छ एवं सतत उर्जा के उपयोग के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस जन जागरूकता यात्रा में लगभग 1200 नागरिकों ने भाग लिया जिसमें विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए, बार एसोसिएशन और शहर के गणमान्य नागरिक शामिल रहे।